UP: भारतीय किसान यूनियन के नेता की गला रेतकर हत्या, पुलिस तैनात
संतकबीर नगर, 25 जुलाई: यूपी के संतकबीरनगर जिले में भारतीय किसान यूनियन के पूर्व जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण पांडे की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। माहौल को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। बता दें, लक्ष्मण पांडे की हत्या शनिवार की रात उस वक्त की गई जब वह कुछ सामान लेकर लौट रहे थे। बदमाशों ने गला रेतकर उनकी हत्या की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

मामूली विवाद बना हत्या की वजह
मामला बखिरा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद के चलते बीकेयू के पूर्व जिलाध्यक्ष लक्ष्मण पांडेय (50) पुत्र रघुनंदन की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या की गई है। अभियुक्त हत्या के बाद घंटों तक हथियार लेकर ग्रामीणों को दबाव बनाता रहा। इसके बाद फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी की तलाश में जुट गई। इस हत्याकांड के बाद इलाके तनाव का माहौल है।
पुलिस आरोपी की कर रही तलाश
बताया जा रहा है कि लक्ष्मण पांडेय शनिवार की रात करीब आठ बजे गांव से कुछ दूर बखिरा-सहजनवा मार्ग पर कुछ सामान लेने गए थे। लौटते वक्त गांव में ही किराना की दुकान चलाने वाले अजय राय पुत्र हरिराम ने धारदार हथियार से लक्ष्मण पांडेय का गला रेता दिया। लक्ष्मण पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या का अंजाम देने के बाद अजय राय हथियार लेकर लोगों को धमकाता रहा और बाद में फरार हो गए। पुलिस आरोपी अजय राय की तलाश में जुटी है। पुलिस की गठित टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। उधर, भाकियू संगठन के लोगों में भी आक्रोश कायम है। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications