VIDEO: पुलिस थाने में घुसी भैंस, दारोगा को यूं सींगों से उठाकर पटका, तोड़ दीं कई गाड़ियां
संभल। उत्तर प्रदेश के संभल पुलिस कोतवाली में एक भैंस के घुस आने के बाद जो हुआ, उसके दूर-दूर तक चर्चे हो रहे हैं। दरअसल, भैंस ने दारोगा को अपने सींगों से उठाकर पटक दिया। गाड़ियों की भी तोड़-फोड़ कर डाली। भैंस के आगे पुलिसकर्मी बेबस नजर आए।
Recommended Video


संभल पुलिस कोतवाली में भैंस का तांडव
संवाददाता ने बताया कि, वह भैंस अवैध रूप से किए जा रहे कटान से बचकर भागी थी। यह घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की है, जब बौखलाई भैंस ने कोतवाली परिसर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। कोतवाली में मौजूद पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। बाइक लेकर कोतवाली पहुंचे दरोगा को भैंस ने सींगों पर उठाकर पटक दिया। बड़ी मुश्किल से दरोगा को भैंस से बचाया गया। भैंस ने दर्जनभर वाहनों को तोड़ दिया।

दर्जनभर वाहनों को उलटा—पलटा
भैंस के घुसने से पहले कोतवाली में पुलिसकर्मी अपने कार्य में लगे हुए थे। कुछ पीड़ित भी अपनी समस्याओं को लेकर कोतवाली में पहुंचे थे। अचानक एक भैंस कोतवाली में घुस आई। भैंस ने पुलिस की मौजूदगी में कोतवाली परिसर में खड़े वाहनों को सींगों से पलटना शुरू कर दिया। भैंस ने एक के बाद कोतवाली में खड़े दर्जनभर दोपहिया और चार पहिया वाहनों को उलटा-पलटा। भैंस के तेवर देख पुलिसकर्मी जान बचाने के लिए आवासों और कार्यालयों में छिपने को मजबूर हो गये।

ऐसे किया दरोगा पर हमला
इसी दौरान भैंस के उत्पात से बेखबर दरोगा शिवप्रताप सिंह बाइक लेकर कोतवाली में पहुंचे। इससे पहले की बाइक सवार दरोगा कुछ समझ पाते भैंस ने उन पर हमला कर दिया। दरोगा शिवप्रताप सिंह घायल हुए तो पुलिस कर्मी किसी तरह उन्हें भैंस के कब्जे से छुड़ाकर भागे। घायल दरोगा का इलाज कराया गया है।

काटी जा रही थी, तभी छुरी देखकर भागी
बताया जा रहा है कि कोतवाली क्षेत्र के एक घर में भैंस का कत्ल किये जाने की तैयारी की जा रही थी। भैंस को बांधा गया था, लेकिन छुरी देखकर वह रस्सी तोड़कर वहां से भाग आई थी। भैंस का कटान करने वाला भी काफी दूर तक उसके पीछे आया था, लेकिन जब भैंस कोतवाली में जा घुसी तो वह डर की वजह से वापस लौट गया।

हिम्मत जुटाकर पुलिस कर्मियों ने संभाला मोर्चा
पहले तो पुलिस कर्मी खुद को भैंस से बचाने के लिए बच रहे थे, लेकिन जब भैंस ने दरोगा पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया तो पुलिसकर्मियों को लगा कि अब भैंस को काबू नहीं किया तो वह दूसरे पुलिस कर्मियों पर भी ऐसे ही हमला करेगी। इसके बाद कोतवाली में मौजूद पुलिसकर्मियों ने भैंस की घेराबंदी कर ली और लाठी-डंडे लेकर भैंस को कोतवली से दौड़ाया।

आधा घंटा तक मचा रहा कोहराम
तेजी से भागते हुए अचानक कोतवाली में घुसी भैंस ने आधे घंटे तक कोतवाली के अंदर ऐसा उत्पात मचाया कि पुलिस कर्मियों की सांसें थमी रहीं। भैंस भागते हुए जिस तरफ जाती, उसी तरफ सन्नाटा पसर जाता था। हालात ऐसे थे कि कई फरियादी भी बाद में आयेंगे, कहकर कोतवाली से चले गये।












Click it and Unblock the Notifications