UP Election 2022: बसपा के कद्दावर नेता अकीलुर्रहमान पार्टी से निष्कासित, कही ये बड़ी बात
संभल, 28 अक्टूबर: बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री अकीलुर्रहमान को निष्कासित कर दिया है। अकीलुर्रहमान उत्तर प्रदेश में तत्कालीन बसपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। इसके साथ ही वे राजस्थान और महाराष्ट्र के बीएसपी प्रभारी भी रह चुके हैं। पार्टी से निष्काषन के बाद अकीलुर्रहमान ने कहा कि बसपा को हाईजैक कर लिया गया है। कॉर्डिनेटर्स असलियत छिपाते हैं और किसी भी वरिष्ठ नेता की बात को नहीं सुनते हैं। हालांकि, इस दौरान उन्होंने पार्टी और मायावती के लिए कुछ गलत नहीं कहा। उन्होंने कहा, ''मैं बहन मायावती जी की बहुत इज्जत करता हूं, लेकिन अब कॉर्डिनेटर्स गलत मैसेज उन तक पहुंचा रहे हैं। पार्टी को खत्म करने में वे लोग लगे हुए हैं।''

ये पार्टी का खुद का नुकसान है: अकीलुर्रहमान
अकीलुर्रहमान ने आगे कहा, 30 सालों तक मैंने पार्टी के साथ जुड़कर पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ काम किया, लेकिन पार्टी ने निष्कासित कर के सभी को मैसेज दे दिया है। उन्होंने कहा कि ये पार्टी का खुद का नुकसान है। कार्यकर्ता ऐसे फैसलों से लगातार डिस्करेज हो रहे हैं और वे पार्टी से अलग होते जा रहे हैं। अकीलुर्रहमान ने कहा कि इतने सालों तक पार्टी के साथ रहा हूं, जी जान से पार्टी के लिए काम किया है, अब उस पार्टी के लिए कुछ गलत नहीं कहूंगा।
बसपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधि में लिप्त होने पर अकीलुर्रहमान को बसपा सुप्रीमो मायावती ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
ऐसा रहा अकीलुर्रहमान का बसपा में सफर
बता दें, अकीलुर्रहमान साल 1992 में बीएसपी से जुड़े थे। 1993 में मुरादाबाद नगर से बसपा प्रत्याशी बने, लेकिन चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। 2002 में फिर बहजोई से लड़े और जीत हासिल की। 2007 में एक बार फिर बहजोई से बसपा के विधायक बने। 2014 में पार्टी ने उन्हें लोकसभा प्रत्याशी बनाया, जिसमें उन्होंने पौने तीन लाख वोट हासिल किए थे। अकीलुर्रहमान ने कहा कि संभल में बसपा पूरी तरह से खत्म हो जाएगी, क्योंकि जब मेरे जैसे सच्चे सिपाही के साथ पार्टी ने यह किया तो अन्य के साथ कुछ भी हो सकता है। हजारों दलित-मुस्लिमों साथियों से राय लेकर मैं अगली रणनीति जल्द ही बनाऊंगा।












Click it and Unblock the Notifications