UP: साली से शादी करना चाहता था शख्स, पत्नी बनी बाधा तो उतार दिया मौत के घाट
संभल, 15 जून: यूपी के संभल में साली से अवैध संबंधों के चलते एक शख्स ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। हालांकि, पुलिस को हकीकत तक पहुंचने में ज्यादा वक्त नहीं लगा। तीन दिन के अंदर पुलिस ने मुकदमे के वादी पति से जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

महिला का गला कटा हुआ शव बरामद हुआ था
घटना असमोली थाना इलाके की है। असमोली थाना इलाके के मदाला गांव में तीन दिन पहले मक्के के खेत में अर्धनग्न अवस्था में एक महिला का गला कटा हुआ शव बरामद हुआ था। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू की। एसपी खुद घटनास्थल पर पहुंचे थे और घटना के जल्द खुलासे के लिए असमोली थाना पुलिस को सख्त निर्देश जारी किए थे। असमोली थाना पुलिस मामले की गहनता के साथ जांच पड़ताल कर रही थी, इसी दौरान मुकदमे के वादी और मृतक महिला के पति अतर सिंह पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती के साथ पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
साली से करना चाहता था शादी
एसपी चक्रेश मिश्रा ने बताया कि महिला जोगेंद्री के पति अतर सिंह के अपनी साली के साथ अवैध संबंध थे। इस बात की जानकारी जोगेंद्री को हो चुकी थी। मृतक महिला का पति अतर सिंह अपनी साली से शादी भी करना चाहता था, लेकिन जोगेंद्री इस शादी में बाधक बन रही थी। इस वजह से ही पति अतर सिंह ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए पूरी योजना बनाई। वह बहाने से पत्नी को खेत में ले गया और खुरपी से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद अपने पिता को दवाई दिलाने मुरादाबाद चला गया था।












Click it and Unblock the Notifications