यूपी के संभल में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
संभल, 11 अगस्त: यूपी के संभल में बुधवार की दोपहर एक भीषण हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा एक बकरी की भी जान गई है। हादसा गुन्नौर थाना क्षेत्र के कादराबाद गांव के पास बदायूं गुन्नौर रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक ही बाइक पर पांच लोग सवार थे। बाइक सवारों ने दो बकरियां भी साथ में रखी थीं। पुलिस ने सभी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

एक बाइक पर सवार थे 5 लोग, दो बकरियां भी लाद रखी थीं
जानकारी के मुताबिक, शख्स अपने बेटे, बेटे की बहू और दो बच्चों के साथ बाइक से अपने गांव जा रहा था। बाइक सवार शख्स ने अपनी बाइक पर दो बकरी भी लाद रखी थीं। संभल के जुनावई के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में हाईवे से गांव कादराबाद की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग पर बाइक और कार के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो मासूम बच्चों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई।
पांचों लोगों की हादसे में मौत
घायलों को सीएचसी गुन्नौर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता रामनिवास और दोनों मासूम बेटों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विपनेश और प्रीति को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इन दोनों को भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications