महंगे मोबाइल चुराने के लिए दुकान तक 12 घंटे में खोद डाली सुरंग, मालिक ने दबाईं दांतों तले उंगली
मोबाइल शॉप में रखे कीमती हैंडसेट्स उड़ाने के लिए चोरों ने ऐसी योजना बनाई कि किसी को शक भी न हो। मगर, इससे पहले कि वे अपनी योजना को अंजाम देते भंडा फूट गया। वहीं, शॉप आॅनर सकते में आ गया, मौके पर डॅाग स्कावयड बुला लिया गया...
सहारनपुर। यूपी में सहारनपुर के कोतवाली अंतर्गत पुल जोगियान इलाके में चोरों ने एक शॉप से मोबाइल चुराने ऐसी योजना बनाई कि विक्रेता के होश उड़ गए। चोरों ने महंगे मोबाइल पार करने के लिए सुरंग खोद डाली, वह भी आधे दिन में। जब विक्रेता की नजर सुरंग पर गई चोरों की इस योजना का भंडा फूटा। आनन फानन में पुलिस बुलाई गई और फिर डॅाग स्कावयड की भी मदद ली गई।

जानकारी के मुताबिक, पुल जोगियान के समीप पेट्रोल पंप के सामने शहर की मशहूर खालसा मोबाइल शॅाप है। बताया जाता है कि गुरुवार दोपहर के वक्त दुकान स्वामी और कर्मचारी दुकान के पिछले हिस्से में फर्श पर कुछ मिट्टी सी पड़ी दिखाई दी। संदेह होने पर सामान हटाकर देखा गया तो वहां का नजारा देख उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। दुकान की दीवार के नीचे फर्श टूटा हुआ मिला। टार्च की रोशनी से देखा गया तो नीचे काफी लंबी सुरंग खुदी हुई थी।

घटना का पता लगते ही मौके पर आसपास के दुकानदारों और लोगों की भीड़ लग गई। दुकान तक सुरंग खोदे जाने से मार्किट के अन्य दुकानदार भी सकते में रह गए। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और सीओ प्रथम इंदु सिद्धार्थ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
बाद में एसएसपी दिनेश कुमार और एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि शातिर चोरों ने नाले के नीचे से दुकान के नीचे तक सुरंग तैयार की। मौके पर डॅाग स्कावयड भी बुलाया गया। पुलिस घटना की तहकीकात में लगी है।












Click it and Unblock the Notifications