Saharanpur Railway: सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, ट्रैक पर गिरा क्रॉसिंग पुल, यात्री हुए परेशान
Saharanpur Railway: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई। रेलवे क्रॉसिंग पुल को हटाते समय वह अचानक नीचे रेलवे ट्रैक पर आ गिरा, जिससे न केवल पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, बल्कि ट्रेनों को बिजली आपूर्ति करने वाली वायर भी टूट गई। हादसे के बाद रेलवे में अफरातफरी मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना के तुरंत बाद रेलवे अधिकारियों ने स्थिति को संभालने के लिए तेजी से कदम उठाए। एक भारी क्रेन बुलाकर ट्रैक पर गिरे पुल के हिस्सों को हटाया गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ, वरना यह हादसा और गंभीर हो सकता था।

घटना के समय स्टेशन पर काफी संख्या में यात्री मौजूद थे, जिनमें अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। यात्रियों को काफी देर तक प्लेटफॉर्म पर ही रुकना पड़ा क्योंकि रेल संचालन पूरी तरह ठप हो चुका था। रेलवे कर्मचारी युद्ध स्तर पर बहाल कार्य में जुटे हुए हैं।
अचानक ट्रैक पर गिरा क्रॉसिंग पुल, मची भगदड़
घटना सहारनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर चार से पांच और छह को जोड़ने वाले क्रॉसिंग पुल की है। पुल को हटाने का काम चल रहा था कि तभी वह ट्रैक पर गिर पड़ा। इसके गिरने से रेलवे की पानी की सप्लाई लाइन भी टूट गई, जिससे स्टेशन पर ट्रेनों में पानी भरने का काम भी रुक गया।
पुल के गिरते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और कई मिनटों तक स्थिति बेहद तनावपूर्ण रही। गनीमत रही कि हादसे के वक्त पुल पर कोई मौजूद नहीं था।
वायर टूटने से ठप हुआ रेल संचालन
क्रेन से जब पुल को हटाया जा रहा था, उसी दौरान बिजली आपूर्ति वाली हाई वोल्टेज वायर भी टूट गई। इस वायर के टूटने से ट्रेनों को पावर सप्लाई बाधित हो गई और स्टेशन पर रेल यातायात पूरी तरह से रुक गया।
रेलवे अधिकारियों ने त्वरित एक्शन लेते हुए सभी संबंधित विभागों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर सीनियर अफसर और इंजीनियरों की टीम पहुंची और मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इंजीनियरिंग और बिजली विभाग के कर्मचारी युद्धस्तर पर काम में जुटे हैं। पुल की रेलिंग को हटाने के बाद अब ट्रैक से मलबा हटाया जा रहा है।
बिजली सप्लाई लाइन को दोबारा जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही पानी की सप्लाई लाइन को भी तत्काल दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि यात्रियों को ज्यादा परेशानी न हो।
रेलवे ट्रैक बंद होने की वजह से स्टेशन पर खड़ी कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लेट हो गई हैं। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग अपने गंतव्य के लिए निकल नहीं पाए और उन्हें प्लेटफॉर्म पर ही इंतजार करना पड़ा।
रेलवे की ओर से फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही ट्रैक और पावर लाइन की मरम्मत पूरी होगी, संचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
रेलवे प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। सुरक्षा को देखते हुए पूरे स्टेशन परिसर में कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अफवाह या अफरा-तफरी से बचा जा सके।












Click it and Unblock the Notifications