पहले किया होमगार्ड पत्नी का कत्ल, फिर लाश के साथ सोता रहा पति, बोला- बोलती थी ज्यादा फालतू
पहले किया होमगार्ड पत्नी का कत्ल, फिर लाश के साथ सोता रहा पति, बोला- बोलती थी ज्यादा फालतू
सहारनपुर, 10 सितंबर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक शख्स ने कहासुनी के बाद अपनी होमगार्ड पत्नी के सिर में डंडा मार दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद हत्यारा पति उसकी लाश के पास सोता रहा। वहीं, हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हत्यारे पति ने पुलिस को बताया कि मेरी पत्नी ज्यादा फालतू बोलती थी, इसलिए मार डाला।

यह घटना सहारनपुर जिले के कोतवाली देहात इलाके के कांशीराम आवासीय कॉलोनी की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हत्यारा पति विनोद (40) सहारनपुर नगर निगम में सफाई कर्मचारी है। वहीं, उसकी पत्नी लक्ष्मी (35) होमगार्ड थी। दोनों की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के सात साल बाद भी उनकी कोई औलाद नहीं थी। संतान नहीं होने के कारण पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
गुस्साए पति ने सिर में डंडा मार कर उसकी हत्या कर दी। इस बात की सूचना पड़ोसियों ने पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचे और आरोपी पति विनोद को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने महिला होमगार्ड के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी नगर निगम का सफाई कर्मचारी नशे में था। किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। डंडे के वार से उसकी पत्नी की मौत हो गयी। मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पड़ोसियों ने दी थी पुलिस को सूचना
पति-पत्नी के बीच झगड़ा होते देख पड़ोसियों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही जब पुलिस मौके पर पहुंची तो विनोद के घर का दरवाजा खुला हुआ और अंधेरा था। पुलिस ने विनोद के घर में रोशनी की तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। विनोद उस समय पलंग पर लेटा हुआ था, जबकि उसकी पत्नी मृत अवस्था मे फर्श पर पड़ी हुई थी। वहीं, हत्यारे पति का भी कहना है कि उसका मकसद लक्ष्मी की हत्या करना नहीं था। उसने गुस्से में आकर उसे डंडा मार दिया था जिससे उसकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications