मां की बगल में सो रहे बच्चे का अपहरण, पुलिस ने किया सकुशल बरामद
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव टपरी से बुधवार देर रात तीन साल के मासूम का अपहरण कर लिया गया। बच्चा अपनी मां के साथ घर में ही सो रहा था। परिवार के लोगों के अनुसार अभी मकान निर्माणाधीन होने की वजह से मकान में खिड़कियां नहीं थी। आशंका जताई जा रही है कि अपहरणकर्ता खिड़की से अंदर आए और बच्चे का उठा ले गए।

देर रात जब मां की आंख खुली तो बच्चा गायब देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मां ने शोर मचाया तो पूरा परिवार उठ गया। जब पूरे घर में कहीं बच्चा नहीं मिला तो परिवार में कोहराम मच गया। बच्चे के पिता सोल्हू ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अपहरण की सूचना पर पुलिस में भी हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने परिवार के लोगों से बात की तो पिता सोल्हू ने बताया कि देव उनका इकलौता बेटा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की तो कुछ अहम सुराग मिल गए। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने बच्चे को गंगोह क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। एसपी देहात विद्या सागर मिश्र ने बच्चे के बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्चा ठीक है।












Click it and Unblock the Notifications