UP के बुंदेला MP की खुरई सीट से लड़ सकते हैं चुनाव, कांग्रेस को दूसरे प्रदेशों से लाने पड़ रहे नेता!
MP Assembly Elections 2023: UP के ललितपुर जिले की राजनीति में खास दखल रखने वाले बुंदेला परिवार के बसपा नेता चंद्रभूषण सिंह उर्फ गुड्डू राजा के कांग्रेस में आते ही एमपी के सागर जिले में हलचल तेज हो गई। बताया जा रहा है कि कांग्रेस तय रणनीति के तहत उन्हें खुरई सीट पर भाजपा के कद्दावर मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ मैदान में उतार सकती है। बता दें कि चंद्र भूषण के पिता सुजान सिंह बुंदेला कांग्रेस से सांसद रहे हैं।

मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड में सागर में खुरई विधानसभा के मालथौन से सटे उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले की राजनीति में बुंदेला परिवार का काफी रसूख है। इस परिवार के बसपा नेता चंद्र भूषण सिंह उर्फ गुड्डू राजा ने बीते रोज भोपाल में कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस दौरान करीब 11 सौ कारों का काफिला लेकर वे भोपाल पहुंचे थे। यूपी से एमपी में आकर कांग्रेस ज्वाइन करने को लेकर राजनीतिक हलकों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। दरअसल बुंदेलखंड में खुरई विधानसभा में फिलहाल कांग्रेस के पास कोई सक्षम प्रत्याशी नहीं है। कुल मिलाकर यह विधानसभा कांग्रेस विहीन जैसी हो गई है। इस कारण यूपी से बुलाकर दबंग प्रत्याशी को आयातिज कर इस विधानसभा से चुनावी रण में उतारने की प्लानिंग बताई जा रही है।
पहले सपा, फिर बसपा और अब कांग्रेस
ललितपुर के बुंदेला परिवार के चंद्र भूषण सिंह गुड्डू राजा पहले समाजवादी पार्टी में रहे हैं। बताया जाता है कि वे अखिलेश यादव के साथ विदेश में पढ़ें हैं। पार्टी ने उन्हें टिकट भी दिया, लेकिन वे चुनाव हार गए। इसके बाद जब अखिलेश अध्यक्ष बने तो उन्होंने गुड्डू बुंदेला का टिकट काट दिया था, जिसके बाद वे बसपा में चले गए थे। लेकिन वहां भी ज्यादा करिश्मा वे नहीं दिखा पाए। अब कमलनाथ और दिग्विजय की बुंदेलखंड में चुनावी रणनीति के तहत उन्हें चुनाव से एन पहले कांग्रेस में एंट्री दिलाई गई है।
MP में सक्षम प्रत्याशी नहीं? यूपी से लाने पड़ रहे नेता
भाजपा सरकार में कद्दावर मंत्री भूपेंद्र सिंह फिलहाल नगरीय आवास एवं विकास विभाग देख रहे हैं। उनके खिलाफ कांग्रेस से मैदान में दो दफा ताल ठोकने वाले पूर्व विधायक अरूणोदय चौबे कांग्रेस छोड़ चुके हैं। खुरई विधानसभा में कांग्रेस लगभग खत्म सी हो गई है। इस कारण पड़ोसी जिले व खुरई विधानसभा की सीमा से सटे ललितपुर यूपी से कांग्रेस को नेता आयातित करना पड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications