समाजसेवी परिवार चला रहा 'तीर्थदर्शन' योजना, मां का संकल्प पूरा करने बुजुर्गों को करा रहे 'तीर्थयात्रा'
Madhya Pradesh के सागर में एक समाजसेवी परिवार है जो अपनी मां के संकल्प को पूरा करने के लिए पिता की स्मृति में हर 45 दिन में बुजुर्गों के जत्थे को 'तीर्थयात्रा' पर भेजते हैं। इसमें टिकट, ठहरने, भोजन से लेकर अन्य सारा खर्च यह परिवार उठाता है। इसके अलावा वे अनाथालय और वृद्धाश्रम व गौ-शाला भी बनवा रहे हैं।

सागर का प्रसिद्ध समाजसेवी रामसरोज परिवार के अखिलेश केशरवानी और उनके बड़े भाई शैलेष केशरवानी की मां श्रीमती सरोजनी देवी ने गरीब बुजुर्गों को देशभर के तीर्थ के दर्शन कराने का संकल्प लिया था। परिवार ने अपने पिता स्व. रामशंकर केशरवानी की स्मृति में निजी खर्चे पर ट्रेन से के बुजुर्गों को 'तीथदर्शन' कराना प्रारंभ किया था। बीते एक साल में उनका परिवार श्री रामलला की नगर अयोध्या, जगन्नाथ पुरी, काशी विश्वनाथ, मथुरा-वृंदावन, भगवान सोमनाथ के दर्शन के किए ट्रेन से यात्रियों को भेज चुके हैं।
समाजसेवी अखिलेश केशरवानी बताते हैं कि उनकी मां का संकल्प था, इसे पूरा करने के लिए हम सभी भाई मिलकर शहर के गरीब-बुजुर्गों को प्रत्येक 45 दिन में यात्रा कराते हैं। इसमें ट्रेन की टिकट, यात्रा के दौरान व तीर्थनगरी में चाय-नाश्ता, भोजन, ठहरने की व्यवस्था कराते हैं। इसका पूरा खर्च हमारा परिवार उठाता है। हम बुजुर्गों को 500-500 रुपए अलग से देते हैं, ताकि यदि उन्हें तीर्थ नगरी में भोजन की व्यवस्था ठीक न लगे तो वे अपने मर्जी का भोजन कर सकते हैं। सितंबर महीने के आखिर तक हम फिर से तीर्थयात्रियों को तीर्थदर्शन कराने का प्लान बना रहे हैं।
कुड़ारी में अनाथालय और वृद्धाश्रम भी बनवा रहे हैं
रामसरोज परिवार के शैलेष केशरवानी बताते हैं कि गरीबों के तीर्थयात्रा के सपने को सच करने में असीम आनंद और संतुष्टि मिल रही है। हमारा परिवार समाजसेवा में नए प्रकल्प के तौर पर कुड़ारी में अनाथाश्रम और वृद्धाश्रम बनवा रहे हैं। इसका भूमिपूजन हो चुका है। रामसरोज समूह के संचालक व सबसे बड़े भाई संजीव केशरवानी बताते हैं कि पिता जी की स्मृति में अकेले तीर्थदर्शन ही नहीं कराते बल्कि हमारा परिवार शहर के केटरिंग एसोसिएशन के तहत जो गरीब लोग काम करते हैं, उनकी बेटियों की शादी कराने, स्कूल फीस भरने, राशन की व्यवस्था करने जैसे काम भी करते रहते हैं। राजघाट क्षेत्र में गौ-शाला का निर्माण कराया, कपूरिया मुक्तिधाम में टीनशेड लगवाया, कोविड काल में निशुल्क वैक्सीनेशन कराने जैसे काम किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications