BJP मिनिस्टर की नसीहत, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी पब्लिक से सरल-सौम्य, शालीन व्यवहार करें
सागर जिले के प्रभारी मंत्री डाॅ. अरविंद भदोरिया शुक्रवार को सागर में मौजूद थे। सरकारी योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने संतोष जताया तो जल जीवन मिशन में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए।

सागर जिले में योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिले के प्रभारी और सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद भदौरिया ने कहा कि लाड़ली बहना योजना में जिले की समस्त पात्र बहनों योजना का लाभ मिलना चाहिए। डॉ. अरविंद भदौरिया ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे सामाजिक संगठनों और स्व सहायता समूहों के सहयोग से पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने में महत्ती भूमिका निभाएं तथा इन्हीं के माध्यम से शिविरों में समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शिविरों में सहभागिता के साथ कार्य कर बहनों को शिविरों तक लाया जाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम से लेकर शहर स्तर तक माइक्रो योजना तैयार कर पेयजल सुचारू रूप से उपलब्ध कराएं। साथ में निजी जल स्रोतों को अधिकृत करने की कार्रवाई भी प्रारंभ करे। बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि खाद्यान्न उपार्जन में गड़बड़ी करने वालों को तत्काल जेल भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सोसायटियों के माध्यम से खाद वितरण करने पर विचार किया जाएगा। अधिकारी खाद, बीज का पर्याप्त मात्रा में भंडारण कर वितरण की रूपरेखा तैयार करें। सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी जनता से सौम्य, सरल, विनम्र व्यवहार कर धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता करें।

अधिकारी जनता के बीच जाकर व्यावहार शालीन और सरल रखें
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी जनता के बीच जाकर अपना व्यवहार शालीन एवं सरल रखें। लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के वार्डों में शिविर लगाएं एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा के अनुसार समस्त जिले की पात्र बहनों को लाभ देने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि इसके लिए समस्त ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में दीवार लेखन का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार हो, जिसमें लाड़ली बहना योजना पर आधारित लोकगीतों के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी शामिल रहे। होर्डिंग एवं फ्लेक्स लगाने का कार्य भी किया जाए।
Recommended Video
मंत्री के निर्देश लापरवाह ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करें
मंत्री भदौरिया ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि आगामी समय ग्रीष्म ऋतु का है और इसके लिए जिले के समस्त जिले वासियों को पेयजल उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। जिसके लिए ग्राम से लेकर शहर तक माइक्रो प्लान बनाएं और निजी जल स्रोतों को अधिकृत करने के लिए कार्य प्रारंभ करें। निर्देश दिए कि नलजल योजनाओं के कार्यों में टेस्टिंग के बाद ही सड़कों की गुणवत्ता के साथ री-स्टोरेशन किया जाए। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी करने वालों को ब्लैक लिस्ट करें।
खाद्य, बीज वितरण के समय कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ना चाहिए
मंत्री भदौरिया ने कहा कि खाद्य, बीज वितरण के समय कानून व्यवस्था नहीं बिगड़ना चाहिए। इसके लिए पूर्व योजना तैयार करें। मंत्री भदौरिया ने सीएम राइज स्कूल की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी सीएम राइज स्कूलों का निर्माण समय सीमा में गुणवत्ता के साथ किया जाए। इसके लिए कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार लगातार मानिटरिंग करें। पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि के कारण फसलों के नुकसान के हुए सर्वे की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी गांवों में जहां ओलावृष्टि हुई है, उनका शीघ्रता के साथ सर्वे करें और प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजें, जिससे समय सीमा में मुआवजा वितरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि सर्वे में किसान भाइयों को साथ में रखें, जिससे उनको किसी प्रकार की शिकायत न रहे।
पुलिस अधिकारी पब्लिक से सरल व सौम्य व्यवहार रखें
प्रभारी मंत्री डॉ. भदौरिया ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि पुलिस के अधिकारी जनता के साथ अपना व्यवहार सरल एवं सौम्य रखें, जिससे कि आने वाले समय में सागर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों को आसानी से संपन्न कराए जा सके। उन्होंने कहा कि सागर में आगामी सप्ताह में दो बड़े कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इनमें सभी प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी के साथ शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराएं। समीक्षा बैठक में विधायक शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, राजेंद्र सिंह मोकलपुर, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, देवेंद्र सिंह ने भी प्रस्ताव रखें। मंत्री भदौरिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, स्वामित्व योजना की भी समीक्षा की। सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने प्रस्ताव रखा कि नलजल योजना में खराब कार्य करने वालों पर मध्यप्रदेश स्तर पर ब्लेक लिस्ट किया जाएं।












Click it and Unblock the Notifications