MP assembly election 2023: विकास का रिकार्ड खुरई के नाम है तो जीत का रिकार्ड भी खुरई के नाम होः भूपेन्द्र सिंह
MP assembly election 2023: मध्य प्रदेश में यदि विकास का रिकार्ड खुरई विधानसभा क्षेत्र के नाम है, तो फिर चुनाव में जीत का रिकार्ड भी खुरई के ही नाम होना चाहिए। कांग्रेस में, दिल्ली से लेकर खुरई तक नेता और मुद्दा विहीन है, यह हमारे पक्ष में अभूतपूर्व अनुकूलता का चुनाव है।
यह बात नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने मालथौन व बांदरी में आयोजित भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं की चुनावी तैयारियों संबंधी बैठक में व्यक्त किए हैं। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि 6 महीने से कांग्रेस खुरई में प्रत्याशी नहीं ढूंढ पाई। कांग्रेस से जिसे भी भेजते हैं वह क्षेत्र का सर्वे करके वापस नहीं लौटता।

यदि प्रत्याशी मिल भी गया तो उसे काम करने के लिए मुश्किल से 20 दिन मिलेंगे जिसमें से 15 दिन क्षेत्र में कांग्रेस को ढूंढ़ने में निकल जाएंगे कि क्षेत्र में कांग्रेस है कहां। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा उन्होंने कहा कि कमलनाथ प्रदेश में कांग्रेस के नेता हैं जिन्हें चलने के लिए सहारे की जरूरत पड़ती है। न तो प्रदेश की जनता उन्हें जानती है और न उन्होंने कभी प्रदेश की जनता से मिलने की कोशिश की है। सारे शौक उन्होंने पाले हुए हैं और चाय भी 5 स्टार में पीते हैं। हवाई यात्रा करते हैं कभी सड़क मार्ग से चलते नहीं।
कांग्रेस ने खर्चा उठाने के लिए उन्हें प्रदेश का नेता बना कर थोप दिया एवम कमलनाथ ने दिल्ली की राजनीति में भी सिर्फ यही काम किया कि वे कांग्रेस की सरकार में सारे उद्योगपतियों के सरकार से काम कराते थे और उनसे कांग्रेस को चंदा दिलाते थे। साथ ही उन्होंने कहा कांग्रेस जिसके शीर्ष नेता राहुल गांधी और कमलनाथ जैसे हवाई नेता हों उन्हें जनता किस वजह से वोट दे। इन्होंने देश के लिए आज तक कोई काम किया नहीं। आगे क्या करना चाहते हैं यह इनको पता नहीं।
न इनके पास कार्यकर्ता हैं, न नेता हैं, न मुद्दे हैं। फिर ऐसा कौन सा कारण है जिससे आकर्षित होकर जनता कांग्रेस को वोट दे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि राहुल गांधी से लेकर जिले तक के सारे कांग्रेस नेता यदि एक घंटे का भाषण देते हैं तो 15 मिनट प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को गालियां, 15 मिनट मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान जी को गालियां और 15 मिनट मुझे गालियां देते हैं। शेष बचे 15 मिनट में वे अगड़ा- पिछड़ा, सवर्ण- एससी, हिंदू- मुसलमान की बातें करके जातिवाद और सनातन विरोध की बातें करते हैं।
मंत्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस शासन के 60 सालों का इतिहास देखिए इन्होंने इतिहास में एक भी चुनाव विकास के मुद्दे पर नहीं लड़ा, उन्होंने सारे चुनाव भावनात्मक, सहानुभूति और काल्पनिक मुद्दों पर लड़ा है। कांग्रेस मुकाबले में इसलिए नहीं है क्योंकि यह विकास का युग है और कांग्रेस ने कभी विकास किया नहीं।
मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सभी को जनता के बीच सिर्फ विकास की बात करना है और भाजपा सरकार की उपलब्धियों व गरीब कल्याण महाअभियान की बात रखना है। कांग्रेस के विभाजनकारी, जातिवादी एजेंडे में नहीं उलझना है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि हमारे बूथ स्तर तक के नेता की छवि जनता में अच्छी होना चाहिए क्योंकि मतदाता अपने आसपास के नेता को देख कर मन बनाता है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि अब हम युद्ध के मैदान में हैं और हमारे हरेक कार्यकर्ता का संकल्प सिर्फ विजय है, लेकिन इस बार यह युद्ध विजय का रिकार्ड बनाने के लिए लड़ा जाएगा। जिस भी कार्यकर्ता को जो भी जिम्मेदारी दी जाए वह उस मोर्चे पर अपना सर्वश्रेष्ठ दे। भाजपा में प्रत्याशी निमित्त मात्र होता है। चुनाव कार्यकर्ता ही लड़ता और जीतता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता सुख के लिए काम नहीं करती बल्कि परिवर्तन और विकास के लिए काम करती है।
संवाद सूत्र- ब्रजेश रजक, सागर मध्य प्रदेश












Click it and Unblock the Notifications