दोस्तों के कमरे में फंदे पर लटका मिला 21 साल का लड़का, परिजन बोले- हत्यारों को न बख्शा जाए
रोहतक। हरियाणा में रोहतक की शिव कॉलोनी में एक युवक का शव उसके दाेस्तों के कमरे में फंदे पर लटका मिला। उसकी पहचान 21 वर्षीय सचिन के तौर पर हुई। सचिन नट-बोल्ट फैक्ट्री में काम करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही उसके घर पर कोहराम मच गया। परिजनों को बेटे की हत्या किए जाने का शक जताते हुए कहा कि, हत्यारों को न बख्शा जाए। उधर, जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि, लड़के के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के शवगृह भिजवाया गया है।

सिटी थाना पुलिस के अधिकारी ने बताया कि, शिव कॉलोनी में एक कमरे पर लड़के का शव बरामद हुआ। जिसका नाम सचिन था। सचिन के परिजनों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आराेप लगाया है। वह मूलरूप से घिलौड़ का निवासी था और रोहतक में हिसार रोड स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। बुधवार को उसके दोस्तों के कमरे में उसकी लाश थी, सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची। तब मामले के बारे में परिजनों को सूचित किया गया।
पुलिस का कहना है कि, परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर जांच आगे बढ़ेगी और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चला पाएगा। उधर, परिजनों का कहना है कि सचिन ने आत्महत्या नहीं की। बल्कि उसे उसके दोस्तों ने ही मारा है।












Click it and Unblock the Notifications