Rewa News: 10 साल में रीवा के सांसद जनार्दन मिश्रा ने शिक्षा और स्वास्थ्य का एक भी काम नहीं किया- जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अरुण यादव, राज्य सभा सांसद श्री विवेक तंखा ने रीवा में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। प्रेस वार्ता में कांग्रेस रीवा जिलाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, पूर्व विधायक सुखेंद्र बना भी मौजूद थे।
पटवारी ने इस दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग लगातार 10 साल की सरकार के ट्रेलर की बात करते हैं और कहते हैं कि मोदी जी का 10 साल का शासन तो केवल एक ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है तो हम यह पूछना चाहते हैं कि यदि 1200 रुपये का सिलेंडर इन्होंने बेचा, 115 और 100 का पेट्रोल बेचा गया।

45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी रही, 50 साल में सबसे ज्यादा घरेलू बचत समाप्त हुई, 100 सालों में सबसे ज्यादा बढ़ी अमीर और गरीब की खाई तो अब आप खुद ही सोचिए ये मोदी जी का ट्रेलर था तो पिक्चर में क्या होगा? क्या 4000 का सिलेंडर और 400 का पेट्रोल - डीज़ल पूरी पिक्चर का हिस्सा होगा?

पटवारी ने कहा कि पिछले 10 साल में महिला अपराध की यह स्थिति है कि 58000 महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ, अमृत काल में आरक्षण संकट में है, भारतीय जनता पार्टी के सांसद 400 पार की बात इसलिए कर रहे हैं ताकि आरक्षण खत्म हो सके। 141 ईडी, सीबीआई के छापे पड़े उनमें से 125 ने भाजपा ज्वाइन कर ली, मध्य प्रदेश में 225 से ज्यादा घोटाले हुए हमने सूची जारी की, मध्य प्रदेश में 265 अधिकारियों पर एफआईआर हुई, संपत्ति कुर्की की कार्रवाई हुई, इनमें से 52 केस सरकार ने वापस ले लिए बाकी में अनुमति नहीं दी गई, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज जी का भी केस है, जिसके लिए अनुमति नहीं दी गई। इस ट्रेलर में 2 लाख आदिवासी बहनें गायब हुई।

पटवारी ने कहा के रीवा की यदि बात की जाए तो रीवा में 10 साल में रीवा के सांसद ने शिक्षा और स्वास्थ्य का एक भी काम नहीं किया, यही स्थिति रोजगार की है। राजेंद्र शुक्ला जी ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा सोलर प्लांट यहां बन रहा है, उनको बताना चाहिए कि इसमें रीवा के कितने बच्चों को रोजगार मिला। मिर्जापुर रीवा लाइन को लेकर रीवा सांसद ने एक भी सवाल नहीं किया, लोकसभा में भी रीवा की आवाज एक बार नहीं उठाई।
कुंवर रणजीत सिंह और सफेद शेर श्रीनिवास तिवारी का आदर पूरी कांग्रेस पार्टी करती है। इसके साथ ही आज रीवा की जनता को सोचना चाहिए कि रीवा के भाजपा सांसद को जनता वोट क्यों दें, पटवारी ने जनता से आग्रह किया कि भारतीय जनता पार्टी के वह नेता जिन्होंने 2700 में गेहूं, 3100 में धान, 450 में सिलेंडर और 3000 रुपये लाडली बहन को देने के झूठे वादे करके आपसे वोट ले लिए उनसे अब हिसाब मांगने का समय है।












Click it and Unblock the Notifications