Rewa Cyber Fraud: रीवा पुलिस ने जामताड़ा से पकड़ा साइबर ठग, फोन रिचार्ज के बहाने करता था खाता खाली
Rewa Cyber Fraud: आरोपी मोबाइल रिमोट पर लेकर कहते कि आप अपने मोबाइल पर 10 रुपए का रिचार्ज करें। आरोपी लिंक के माध्यम से यूपीआई पासवर्ड प्राप्त कर उसके खाते से रुपए ट्रांसफर कर लेते थे।

Rewa Cyber Fraud: मध्य प्रदेश पुलिस और साइबर टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लोगों के खाते से जामताड़ा में बैठकर पैसे उड़ाने वाले गैंग के एक सदस्य को रीवा पुलिस जामताड़ा जिले के रामापुर थाना क्षेत्र के कर्माताड गांव से गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए साइबर फ्रॉड को रीवा लाकर उससे पूछताछ की गई तो और कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। ठगी करने वाला युवक पहले लोगों को फोन करके उनके मोबाइल की सिम बंद होने की जानकारी देता था इसके बाद उन्हे 10 रुपए का रिचार्च करने के लिए कहता था। और बाद में एक लिंक भेजते, लोग जैसे ही लिंक को टच करते आरोपी उनके खाते से पैसा उड़ा देते थे।
बिछिया थाना एरिया के चिराहुला कालोनी निवासी हरिश्चंद्र तिवारी ने 26 फरवरी को बिछिया थाना पहुंचकर साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में पीड़ित ने जानकारी दी थी की वह ठगी का शिकार हुआ है। पीड़ित का कहना था की उनके मोबाइल पर किसी अज्ञात वायक्ति का फोन आया था। कॉल करने वाले आरोपी का कहना था की आप अपने जिओ की सिम पर 10 रुपए का रिचार्ज कीजिए अन्यथा आप की सिम बंद हो जाएगी।
इस पर जब रिचार्ज करने के लिए कहा तो फोन करने वाले अज्ञात आरोपी ने उनके नंबर पर एक लिंक भेजी और इसी लिंक के माध्यम से 10 रूपए का रिचार्ज करने के लिए कहा। फरियादी ने जब उस लिंक को ओपन किया तो उनके खाते से 89 हजार रुपए उड़ गए।
पुलिस ने जानकारी दी कि झारखंड के जामताड़ा से पकड़े गए आरोपी ने बताया की वह ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने के पेमेंट एप पेटीएम, गूगल पे फोन पे आदि में कोई भी नंबर डाल कर यह पता लगाते थे की कौन-कौन से लोग ऑनलाइन ट्रांजैक्शन एप उपयोग करते है।
पता लगाने के बाद आरोपी लोगों के उक्त नंबर पर फोन लगाते और उसकी सिम बंद होने की जानकारी देते। आरोपी पीड़ित के मोबाइल में एनिडेस्क की लिंक भेजकर उसे इंस्टॉल करने के लिए कहते।
आरोपी आवेदक का मोबाइल कंट्रोल लेकर कहते की आप अपने मोबाइल पर 10 रुपए का रिचार्ज करें। आरोपी लिंक के माध्यम से आवेदक का यूपीआई पासवर्ड पता कर उसके खाते से रुपए ट्रांसफर कर लेते थे। पकड़े गए आरोपी ने इसी तरह से पीड़ित हरिश्चंद्र तिवारी के खाते से 89 हजार रुपए ट्रांसफर किए हैं।
साइबर फ्रॉड का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने जानकारी दी की बिछिया थाना पुलिस की टीम और साइबर की टीम ने मिलकर शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस और साइबर सेल की टीम आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर रीवा लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रीवा के अलावा बालाघाट के एक व्यक्ति से 40 हजार रुपए की ठगी की है। पकड़ा गया आरोपी झारखंड के जामताड़ा जिले के थाना रामापुर के कर्माताड गांव का रहने वाला है। आरोपी के पास से कुछ सिम और चार मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Jamtara:'एक मिनट में पैसा उड़ाना...गॉड गिफ्टेड है' झारखंड के MLA इरफान अंसारी का 'ज्ञान' सुनिए
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications