Jamtara:'एक मिनट में पैसा उड़ाना...गॉड गिफ्टेड है' झारखंड के MLA इरफान अंसारी का 'ज्ञान' सुनिए
रांची, 11 जुलाई: झारखंड का जामताड़ा शहर आज साइबर अपराध की वजह से बदनाम हो रहा है। यहां के मुट्ठीभर साइबर अपराधियों के चलते यह जगह पूरे देश में कुख्यात हो चुका है। यहां के साइबर अपराधियों के कारनामों की वजह से इसपर वेब सीरीज भी बन चुकी है। लेकिन, यहां के स्थानीय विधायक ऐसे अपराधियों की करतूतों का गुणगान करने में लगे हैं। वह उनके शातिर दिमाग को 'गॉड गिफ्टेड' कहने में भी परहेज नहीं कर रहे हैं। डॉक्टर इरफान अंसारी कांग्रेस के विधायक हैं, जो झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार की सहयोगी दल है।

जामताड़ा के विधायक का 'ज्ञान'
अवैध खनन पर वीडियो जारी करके अपनी ही सरकार में खलबली मचाने वाले झारखंड के जामताड़ा से कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने साइबर अपराधियों को लेकर एक बहुत ही विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने साइबर अपराध के लिए देश-विदेश में कुख्यात हो चुके जामताड़ा को ज्ञान का स्थान तो बताया ही है, साइबर अपराधियों का भी महिमांडन कर दिया है। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वह लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वालों को 'ईश्वर की देन' बता रहे हैं, जो पलक झपकते ही लोगों का पैसा उड़ा देते हैं।

साइबर अपराधियों को 'साइबर माइंड' बताया
वीडियो में वह कह रहे हैं कि जामताड़ा तो शिक्षा का मंदिर है। उनका कहना है कि यहां के लोग तो टॉपर रहे हैं। उन्होंने जामताड़ा के अपराधियों को 'साइबर माइंड' कहने से भी परहेज नहीं किया है। उनके मुताबिक लोगों के पैसे पर चंद मिनट में हाथ साफ करने वाले विद्या के सागर हैं। उनका कहना है कि ऐसे लोग तो विद्या के धनी हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि शिक्षा पर राजनीति करना सही नहीं है।

स्कूलों में शुक्रवार की छुट्टी को लेकर हो रहा है विवाद
गौरतलब है कि हाल में जामताड़ा के कुछ स्कूलों में रविवार की जगह शुक्रवार को छुट्टी दिए जाने को लेकर काफी विवाद हो रहा है। ऐसा मुस्लिम बहुल कर्माटांड़ और नारायणपुर प्रखंड के प्राथमिक स्कूलों में होने की बात सामने आ रही है। कुछ विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी बाकायदा शुक्रवार को छुट्टी घोषित की गई है और रविवार को स्कूल खुला दिखाया गया है। जब मामले ने काफी तूल पकड़ लिया तब राज्य शिक्षा विभाग की ओर से जांच करवाने की बात कही गई है। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद विधायक अंसारी ने कहा है कि इस सारे विवाद के पीछे भाजपा है। बहरहाल राज्य के शिक्षा सचिव राजेश शर्मा के मुताबिक जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
लोगों का पैसा उड़ाने का टैलेंट 'ईश्वर की देन है' ?
अब नए वीडियो में जामताड़ा के कांग्रेस विधायक कह रहे हैं कि 'जामताड़ा शिक्षा का मंदिर है....विद्यासागर....यहां के लोग तो टॉपर रहे हैं...बताइए....आज आप जामताड़ा में देखेंगे कि एक से एक जो साइबर माइंड हैं....लोगों का पैसा चंद मिनट में उड़ा देता है लड़का लोग....क्या है गॉड गिफ्टेड है....विद्या का सागर है जामताड़ा......विद्या का धनी है.....आवश्यकता है कि सही ट्रैक पर ले जाएं.....' इस वीडियो को भाजपा के एक स्थानीय नेता के अनवेरिफाइड ट्विटर अकाउंट से शेयर किया गया है।

बालू के अवैध खनन का भी वीडियो जारी किया था
इससे पहले कांग्रेस विधायक ने झारखंड के धनबाद और जामताड़ा जिले की सीमा पर बराकर नदी से गैर-कानूनी रूप से बालू खनन का एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो को विपक्षी बीजेपी ने हाथों-हाथ लिया और राज्य सरकार पर हमला बोल दिया। इसके बाद धनबाद के डीसी संदीप सिंह ने शनिवार को मौके का दौरा किया और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को इस गैंग की पहचान करके उनके खिलाफ जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। हालांकि, डीसी के पहुंचने के समय वहां किसी तरह का अवैध खनन नहीं चल रहा था, इसलिए आशंका है कि बालू माफिया को उनके पहुंचने की खबर पहले ही मिल चुकी थी। (स्टेशन की तस्वीर सौजन्य: विकिपीडिया, इरफान अंसारी की पहली दोनों तस्वीर और बालू खनन वाली तस्वीर ट्विटर वीडियो से और अंसारी की तीसरी तस्वीर उनके ट्विटर हैंडल से)












Click it and Unblock the Notifications