झारखंड में बोले पीएम- हम सिर्फ रेलवे और सड़क नहीं जलमार्ग पर भी दे रहे ध्यान
झारखंड के साहेबगंज में पीएम ने कहा कि हाइवे, रेलवे, एयरवेज के बाद अब आपके सामने वॉटरवेज है।
साहेबगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को झारखंड के साहेबगंज में मल्टी मॉडल हब का शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने गंगा पुल का भी शिलान्यास किया।
गंगा नदी पर बनाया जाने वाला यह पुल राज्य के साहेबगंज से बिहार के मनिहारी को जोड़ेगा जो 21.9 किलोमीटर लंबा होगा। इस पुल को बनाने की लागत 2266 करोड़ रुपए आएगी।

शुरु होगा जल मार्ग
इसके जरिए साहेबगंज-वाराणसी जल मार्ग शुरु होगा और इसके जरिए पड़ोसी देशों तक उत्पाद भेजा जा सकेगा। इस दौरान पीएम मोदी ने दो ग्रिड कनेक्टेड रूफटॉप सोलर पावर प्लांट का भी शिलान्यास किया। यह प्लांट साहेबगंज व्यवहार न्यायालय में लगेगा जो 90 KW का होगा। साथ ही सदर अस्पताल में 70 KW का प्लांट लगेगा। इन दोनों प्लांट से सालाना 1.41 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होने की बात कही जा रही है।

311 किलोमीटर सड़का का लोकार्पण
इसी कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने साहेबगंज से गोविंदपुर तक की सड़क का लोकार्पण किया। गोविंदपुर-जमताड़ा-दुमका-बरहेट-साहेबगंज पथ 311 किलोमीटर का है, जिस पर 1,386 करोड़ रुपए खर्च हुए। इस के जरिए NH2 और NH80 के कॉरडोर से जुड़ा जा सकेगा।

एकमात्र उपाय है विकास
तमाम योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि गरीब से गरीब, आदिवासी और पिछड़ों के जीवन में अगर बदलाव लाना है तो उसका एकमात्र उपाय विकास है। उन्होंने कहा कि आज हमने गंगा पर बड़ा प्रोजेक्ट शुरु किया है जो बिहार और झारखंड को जोड़ेगा।

गडकरी को मिली शाबासी
मोदी ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के मंत्री नितिन गडकरी का जिक्र करते हुए कहा कि मैं इनके काम करने के तरीके से वाकिफ हूं और मुझे पूरा विश्वास है कि योजनाओं का लोकार्पण की तारीख जो तय हुई होगी, उसी दिन लोकार्पण होगा। पीएम ने कहा कि गंगा नदी पर पुल से बिहार और झारखंड के बीच की दूरी घटेगी। उन्होंने कहा कि पहली बार विकास की इतनी योजनाओं की शुरुआत एक साथ हो रही है।

हमारे जीवन को नई ताकत दे सकती हैं मां गंगा
पीएम मोदी ने कहा कि इन योजनाओं से झारखंड के लोगों को रोजगार मिलेगा साथ ही कौशल विकास भी आगे बढ़ेगा। पीएम ने कहा कि मां गंगा हमारे जीवन को एक नई ताकत भी दे सकती है, गंगा के माध्यम से झारखण्ड को पूरी दुनिया से जोड़ने की दिशा में हम आगे बढ़ना चाहते हैं।

हम जलमार्ग पर भी दे रहे हैं ध्यान
पीएम ने कहा कि 2200 करोड़ की लागत से साहेबगंज से बिहार के मनिहारी ब्रिज, बिहार-झारखंड के विकास का ब्रिज बनेगा। उन्होंने कहा कि विकास के मूलमंत्र से गरीब, आदिवासियों और पिछड़ों का जीवन बदलेगा। उन्होंने कहा कि रेलवे और सड़क के साथ-साथ हम जल मार्ग पर भी ध्यान दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications