चूहों के खौफ से डरी पुलिस दर्ज करायी तहरीर
रांची। आपने इंसानों के खिलाफ तो मुकदमा चलते सुना होगा लेकिन चूहों के खिलाफ मुकदमा शायद आपको हंसने को मजबूर कर दे। दरअसल झारखंड के सुखदेव नगर थाने में पूर्व थानेदार फगुनी पासवान ने चूहों के खिलाफ तहरीर दी है। उनका कहना है कि हजारों चूहों ने थानें में रखी फाइलों को कुतर दिया है।

सुखदेव नगर थाने के मालखाने में चूहों का आतंक पुलिस के लिए बड़ी समस्य बना हुआ है। यहां रखी कई फाइलों और अन्य सामानों को चूहों ने बुरी तरह से कुतर दिया है। तहरीर में लिखा गया है कि मालखाने में रखे 1996 के मटका के कागजात व दो सौ रुपये चूहों ने कुतर डाले हैं। इसके अलावा 2000 में जब्त किए गए तास के पत्ते व 34 रुपये, एक और जगह से जब्त तास के पत्ते व 59 रुपयों को भी चूहों ने कुतर डाला। चार हजार आठ सौ रुपये भी चूहे ने कुतर दिए हैं।
लेकिन गौर करने वाली बात यह है कि मालखाने में 18 साल पुराने सामान रखे हुए थे जो पुलिस के लिए मुसीबत बन सकती है। हालांकि जिन मामलों में फैसला हो चुका है वो तो पुलिस के लिए कोई समस्या नहीं हैं लेकिन जो मामले अभी लंबित है वो बड़ी समस्या हो सकते हैं।
वहीं पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे का कहना है कि नियमानुसार यह एक कानूनी प्रक्रिया है। मालखाने में रखी वस्तुएं अगर नष्ट होती हैं तो उक्त थाने में रखी स्टेशन डायरी में इसे दर्ज कराना होता है। कोर्ट में अगर किसी केस का ट्रायल चल रहा होगा और वहां मालखाने में रखी किसी वस्तु की जरूरत पड़ेगी तो सुबूत के तौर पर स्टेशन डायरी का हवाला देना पड़ता है। आपको बता दें कि मालखाने में रखे सामान जब्ती के होते हैं और उस पर कोर्ट का ही अधिकार होता है।












Click it and Unblock the Notifications