यूसुफ अली को कांग्रेस ने चमरौआ सीट से दिया था टिकट, अब पार्टी छोड़ 'साइकिल' पर हुए सवार
रामपुर, 15 जनवरी: रामपुर की चमरौआ विधानसभा सीट पर कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, 13 जनवरी को कांग्रेस पार्टी ने 125 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में रामपुर जिले की चमरौआ विधानसभा सीट से यूसुफ अली को कांग्रेस पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया था। लेकिन यूसुफ अली ने शुक्रवार 14 जनवरी को ही अपनी पार्टी को तगड़ा झटका दे दिया। यूसुफ ने कांग्रेस का दामन छोड़ अखिलेश यादव की साइकिल पर सवार हो गए।
Recommended Video

यूसुफ अली ने राजधानी लखनऊ में सपा मुखिया अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में हुए कार्यक्रम में सपा की सदस्यता ली। उनकी पत्नी शाहीन स्वार की ब्लाक प्रमुख हैं। उनके सपा में शामिल होने से जिले में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस ने कल जिले की पांच में से चार सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए थे। चर्चा है कि और भी कई कांग्रेसी नेता भाजपा या सपा में शामिल हो सकते हैं। इसी तरह भाजपा के कई नेताओं के सपा में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। यह नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के करीबी हैं।
जानें यूसुफ का राजनीतिक इतिहास
2012 में यूसुफ अली ने चमरौआ सीट से बसपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था और विधायक चुन लिए गए। इस सीट पर 2012 में ही पहली बार चुनाव हुआ था। 2017 के चुनाव में भी वह चमरौआ से चुनाव लड़े और मुकाबले में रहे। बाद में वह बसपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस ने उन्हें प्रदेश महासचिव बनाया। गुरुवार को ही उन्हें चमरौआ से प्रत्याशी घोषित किया गया और शुक्रवार को सपा में शामिल हो गए।
लंबी प्रक्रिया के बाद कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम किए थे फाइनल
ऐसा बताया जा रहा है कि इस बार कांग्रेस ने काफी लंबी प्रक्रिया के बाद उम्मीदवारों के नामों का चयन किया था। लेकिन ऐन वक्त पर उम्मीदवारों के पाला बदलने से पार्टी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस चमरौआ सीट से किसे अपना प्रत्याशी बनाती है।












Click it and Unblock the Notifications