रामपुरः पहले पत्नी को दिया तीन तलाक फिर मां और बहन के साथ मिलकर जिंदा जलाया
रामपुर। हैवानियत को भी शर्मसार कर देने वाली दर्दनाक घटना रामपुर के अजीम नगर थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां दहेज में सब कुछ मिलने के बावजूद भी दहेज लोभी ससुरालियों ने विवाहिता का जीना दूभर कर दिया। पीड़िता के अनुसार पति समेत उसके ससुराली उसका उत्पीड़न करते थे, जिसके बावजूद भी वह सब कुछ सह कर अपने घर की इज्जत को समेटे रही। वहीं सोमवार को ससुराल के लोगों ने हैवानियत की हर हद को पार कर उसके पति ने पहले उसे तीन तलाक दिया और फिर अपने घर वालों के साथ मिलकर उसे आग के हवाले कर दिया।

फिलहाल वो जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के पांच लोगों को नामजद कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अजीम नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली सीमा बी का निकाह 2 साल पहले पड़ोसी गांव के आरिफ के साथ हुआ था। जिसके बाद से ही ससुराल वाले उससे पैसे और बोलेरो गाड़ी की मांग करते थे, जो मांग पूरी ना होने पर ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। पीड़िता की 1 साल की एक बेटी है। पीड़िता के अनुसार सोमवार सुबह से ही उसके पति आरिफ ने और उसके घर वालों ने उसको बहुत पीटा और पति ने तीन तलाक दिया और फिर सब ने मिलकर मिट्टी का तेल छिड़ककर उसमें आग लगा दी।
वह जलती रही मदद को पुकारती रही लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। पीड़िता के परिजनों को पता चलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं इस मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार सिंह ने बात करने पर बताया कि थाना अजीम नगर में एक पति-पत्नी का विवाद है।
मायके और ससुराल के बीच में थोड़ा सा ही फासला है। पति-पत्नी के बीच संबंध काफी खराब चल रहा था। कल मायके वालों ने एक शिकायत की कि उनकी बेटी को केरोसिन डालकर जला दिया। तत्काल इस सूचना को पुलिस ने दर्ज कर लिया पीड़िता का इलाज चल रहा है। उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया और पुलिस ने आज आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications