सपा नेता आजम खान से शांति भंग की आशंका, डीएम ने भेजा नोटिस
रामपुर। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को जिला प्रशासन ने एक और झटका दिया है। जिला प्रशासन ने आजम खान के नाम के तीन शस्त्रों के लाइसेंस निलंबन का नोटिस भेजकर उनकी चिंताओं को बढ़ा दिया है। वहीं, आजम खान ने प्रशासन पर अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

10 अप्रैल तक देना है जवाब
बता दें कि सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी आजम खां से शांति भंग की आशंका के चलते पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने उनका शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति जिलाधिकारी से की थी। इस संस्तुति के आधार पर डीएम ने आजम खां से 10 अप्रैल तक जवाब देने का नोटिस जारी किया है। जवाब नहीं देने की स्थिति में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

शांतिभंग की आशंका के चलते जारी किया नोटिस
जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने आजम खां को नोटिस जारी करते हुए पूर्व में दर्ज मुकदमों का हवाला दिया है। पुलिस ने इससे पहले इन मुकदमों को आधार बनाते हुए उनका लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की थी। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने लाइसेंस को निलंबित किया है। साथ ही धारा 17 के तहत नोटिस जारी करते हुए 10 अप्रैल को कोर्ट में हाजिर होकर जवाब देने को कहा गया है। नोटिस में जिलाधिकारी ने कहा है कि अगर इस अवधि के दौरान कोई जवाब नहीं दिया जाता है तो समझा जाएगा कि इस संबंध में आपको कुछ नहीं कहना है और इस संबंध में उचित और विधि सम्मत आदेश पारित कर दिया जाएगा।

अल्लाह नहीं चाहेगा एक पत्ता भी नहीं हिल सकता
गठबंधन प्रत्याशी और पूर्व मंत्री आजम खान ने कहा कि जिला प्रशासन और भाजपा की बात करना ही बेकार है। जब तक अल्लाह नहीं चाहेगा एक पत्ता भी नहीं हिल सकता है। मुझ पर कई बार हमला हुआ है, गोली मेरे कान को छूकर निकल गई। मेरी गाड़ी में टक्कर मारी गई है, गाड़ी चूर-चूर हो गई, लेकिन मेरा कोई नुकसान नहीं हुआ। मुझे ऊपर वाले पर पूरा विश्वास है।












Click it and Unblock the Notifications