Sidra Adeeb Khan : आजम खान की बहू हैं सिदरा अदीब, जानिए चुनाव लड़ने की क्यों लगाई जा रही अटकलें?
रामपुर, 10 नवंबर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव को महज कुछ महीने ही बचे हैं और केंद्र का रास्ता तय करने वाले प्रदेश के कई बड़े नेता इस समय जेल की सलाखों के पीछे हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम है आजम खान। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान रामपुर सीट से सांसद हैं। आजम खान और उनके छोटे अब्दुल्ला आजम पर कई मुकदमे चल रहे हैं और दोनों फिलहाल जेल हैं। इस बीच आजम खान के बड़े बेटे अदीब आजम खान की पत्नी सिदरा अदीब चर्चा में हैं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सिदरा अदीब के मैदान में उतरने के कयास लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि सिदरा अदीब अपने ससुर की राजनीतिक विरासत को मजबूती देने की तैयारी में हैं। आइए जानते हैं सिदरा के चुनाव लड़ने की अटकलें क्यों लगाई जा रही हैं।

सिदरा के सियायत में उतरने की क्यों हैं अटकलें?
दरअसल, आजम खान की बहू सिदरा अदीब से बीते दिनों एक न्यूज चैनल ने इंटरव्यू के दौरान पूछा था कि क्या वह यूपी विधासभा चुनाव 2022 लड़ेंगी। जवाब में सिदरा ने कहा था, ''मैं हर तरह से रामपुर के लोगों की सिदमत को तैयार हूं।'' सिदरा ने ये भी कहा कि अगर उनके ससुर यानि आजम खान कहेंगे तो उन्हें चुनाव लड़ने में भी कोई गुरेज नहीं है।

अभी तक नहीं हो सकी आजम की रिहाई, एक्टिव मोड में हैं बहू सिदरा
सिदरा के चुनाव लड़ने की अटकलें इसलिए भी और तेज हो गई हैं, क्योंकि चुनाव नजदीक हैं और सपा के कद्दावर नेता आजम खान की अभी तक रिहाई नहीं हो सकी है। वहीं, सिदरा भी काफी एक्टिव मोड में दिख रही हैं। इसके अलावा सिदरा के बयानों से भी माना जा रहा है कि वह चुनावी मैदान में उतर सकती हैं।

अखिलेश यादव की तारीफ कर चुकी हैं सिदरा अदीब
सिदरा अदीब कई मौकों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तारीफ कर चुकी हैं। वह कहती हैं कि अखिलेश यादव ने हमेशा उनके परिवार की मदद की और आज भी उनके साथ खड़े हैं। दरअसल, मीडिया में कई ऐसी खबरें सामने आईं कि आजम खान और अखिलेश यादव के बीच अब पहले जैसे संबंध नहीं रहे। इन खबरों पर ही सिदरा ने जवाब देते हुए अखिलेश की तारीफ की थी।

सिदरा ने कहा- मेरे परिवार को सियासी रंजिश के तहत फंसाया गया
सिदरा ने कहा कि उनके ससुर आजम खान साहब और परिवार के दूसरे लोगों को सियासी रंजिश के तहत फंसाया गया है। सिदरा ने कहा था कि वह बस पॉजिटिव सोच के साथ हैं, उम्मीद है सब अच्छा होगा। सिदरा ने ये भी कहा कि इंशाअल्लाह वो जल्द ही बाहर आएंगे।

सपा सांसद हैं आजम खान, बेटे की चली गई विधायकी
बता दें, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान रामपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। आजम और उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला खान पर कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके चलते वे इस समय जेल में हैं। आजम की पत्नी डॉ तंजीम फातिमा रामपुर से ही शहर विधायक हैं। उनके छोटे बेटे अब्दुल्लाह आजम जनपद की स्वार टांडा विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे, हालांकि दो जन्म प्रमाण पत्र के मामले में उनकी विधायकी चली गई।












Click it and Unblock the Notifications