सपा सांसद आजम खान के बेटे अब्दुल्ला को बड़ी राहत, रामपुर कोर्ट ने फर्जीवाड़े मामले में दी जमानत
रामपुर, 15 सितंबर: समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम खान को जालसाजी मामले में रामपुर कोर्ट ने जमानत दे दी है। अब्दुल्ला आजम खान सीतापुर जेल में बंद हैं। जमानत मिलने के बाद अब वह जल्द ही रिहा हो सकते हैं। सरकारी वकील एपी सक्सेना ने बताया कि अब्दुल्ला आजम को सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत मिली थी, जिसके बाद अब वादी आकाश सक्सेना का बयान दर्ज कर उनकी जमानत मंजूर कर ली गई है।

रामपुर के आकाश सक्सेना का आरोप था कि अब्दुल्ला आजम खान ने फर्जी तरीके से दो जन्म प्रमाण पत्र बनवाए। एक जन्म प्रमाण पत्र रामपुर नगर पालिका से बनवाया गया है तो दूसरा लखनऊ से बना है। दो पासपोर्ट के मामले में अब्दुल्ला आजम आरोपी हैं। अब्दुल्ला आजम खान को दो जन्म प्रमाण पत्र और पासपोर्ट मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। जमानत में यह शर्त थी कि अब्दुल्ला आजम पर दर्ज इन मामलों में शिकायतकर्ता के बयान दर्ज होने के बाद ही उनको जेल से रिहा किया जाए। अब्दुल्ला आजम खान के ऊपर दर्ज पासपोर्ट मामले में बुधवार को सुनवाई हुई। एमपी एमएलए कोर्ट में शिकायतकर्ता आकाश सक्सेना के भी बयान पूरे हो गए हैं। इस मामले में कल भी कोर्ट में सुनवाई होगी।
सीतापुर जेल में बंद हैं सपा सांसद आजम खान
सपा सांसद आजम खान और उनके बेटे आजम अब्दुल्ला आजम फिलहाल सीतापुर जेल में बंद हैं। दोनों पर कई मामलों में आरोपी हैं। आजम खान उत्तर प्रदेश के रामपुर से सासंद हैं। आजम खान समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। आजम खान पर जमीन हथियाने, अतिक्रमण सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आजम खान अपने बेटे के साथ फरवरी 2020 से ही जिला कारागार सीतापुर में बंद हैं। उनकी पत्नी को दिसंबर 2020 में कोर्ट ने जमानत दे दी थी।












Click it and Unblock the Notifications