UP Rampur: खेल रहे बच्चों पर गिरी मिट्टी की दीवार, तीन बच्चों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
UP Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में रविवार को घर के बाहर खेल रहे बच्चों पर मिट्टी की दीवार गिर गई। दीवार गिरने से बच्चे उसकी चपेट में आ गए। जिससे तीन बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई और दो बच्चे घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी गांव में पहुंचे और परिजनों से हादसे के बाबत जानकारी लिए। वहीं हादसे में घायल हुए दोनों बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे में तीन बच्चों की मौत हो जाने के चलते मृतकों के परिवार ही नहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। गांव में हर घर के सामने लोग एकत्र होकर इस दुखद घटना के बारे में ही चर्चा कर रहे हैं।
दरअसल, रामपुर जनपद के भोट थाना क्षेत्र अंतर्गत सनकरी गांव में रविवार को गांव के रहने वाले किसान आले हसन के कच्चे मकान के पास बस्ती के कुछ बच्चे खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान दोपहर में अचानक दीवार भर-भराकर गिर गई।
दीवार गिरने के बाद उसके समीप में खेल रहे उदयपुर मिलक निवासी शन्नू का 3 वर्षीय बेटा अलीम, सनकरी गांव निवासी सद्दाम का 3 वर्षीय बेटा अल्तमस और इसी गांव निवासी जब्बार की 5 वर्षीय बेटी इनायत आदि की दबकर मौत हो गई।
इसके अलावा दीवार में दबाने के चलते गांव के ही रहने वाले सत्तर के 5 वर्षीय बेटे शारिक और छोटे की तीन वर्षीय बेटी अनम आदि गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि मिट्टी के मकान में पशुओं के लिए भूसा रखा जाता था, जिससे दीवार कमजोर हो गई होगी। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद बिलासपुर तहसीलदार निश्चय कुमार ने भी पहुंच कर जांच पड़ताल और परिजनों से पूछताछ किया।












Click it and Unblock the Notifications