आजम खान के विधायक बेटे ने कहा, 'उर्दू नाम की वजह से योगी सरकार ने तुड़वाया गेट'
Rampur

अब्दुल्ला आजम ने सरकार को कोसा
पूर्व मंत्री आजम खान के विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम ने कहा है कि सवाल यह नहीं कि कितने रूपयों का नुकसान हुआ बल्कि हमारा सवाल शासन से यह है कि उन्हें लफ्जे़ उर्दू से कितनी नफरत है। यह नफरत मुसलमानों से, शहर से या फिर इस शहर की तरक्की से है। पहली नजर में ही यह साफ है कि उर्दू अल्फाज़ के बहाने समुदाय से यह नफरत निकाली गई है।

'भाजपा ज्वाइन कर लें या धर्म बदल लें'
अब्दुल्ला आजम ने कहा कि चुनाव करीब होने के नाते सोची-समझी साजिश के तहत मुस्लिम बाहुल्य शहर रामपुर में दंगा, धार्मिक उन्माद फैलाकर पूरे देश में भाजपा को इसको फायदा पहुंचाने की कोशिश है। स्वार अवैध खनन का अड्डा बनने के चलते इस सड़क पर गेट बनने से जिला प्रशासन की गाड़ियों को परेशानी थी। सपा दफ्तर में आयोजित पत्रकार वार्ता में अब्दुल्ला आजम ने कहा कि रामपुर वालों को अगर डर, नफरत और संगीनों के साये में जीना है तो वह भाजपा ज्वाइन कर लें या फिर धर्म बदल लें।

अधिकारियों पर साधा निशाना
अब्दुल्ला आजम ने कहा कि वर्तमान अधिकारियों के होने पर निष्पक्ष चुनाव होना मुमकिन नहीं है। सबसे बड़े अधिकारी की साजिश है, मुसलमान मतदाताओं के नाम सूची से काटने की। उर्दू गेट तोड़े जाने को लेकर पार्टी लेवल पर अभी कोई रणनीति नहीं बनी है। जनता इसका इंसाफ करेगी।












Click it and Unblock the Notifications