जल निगम के जेई को रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों पकड़ा
रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में मुरादाबाद की एंटी करप्शन टीम ने जल निगम के जूनियर इंजीनियर (जेई) को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दरअसल, जेई विजेंद्र सिंह जल निगम के ठेकेदार द्वारा कराए गए काम के बिल पास करने के लिए घूस मांग रहा था। मामले की शिकायत ठेकेदार ने एंटी करप्शन मुरादाबाद से की। जिसके बाद एंटी करप्शन टीम ने जेई विजेंद्र सिंह को घूस के 10 हजार रुपए लेते पकड़ लिया।

जानकारी के मुताबिक, परचई गांव के रहने वाले ऋषिकांत ठेकेदार हैं। ठेकेदार ऋषिकांत टंकी निर्माण का ठेका लिया था। टंकी निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद उसने जब बिल के कागज विभाग में लगाए तो जल निगम के जेई ने वह बिल पास करने के एवज में 10 हजार रुपए की मांग कर दी। शिकायत की शुरुआती जांच की गई तो शिकायत सही पाई गई।
इसके बाद एंटी करप्शन की टीम ने जेई के लिए जाल बिछाया। जिसके बाद ऋषिकांत ने जेई को फोन कर रुपए देने की बात कही। एंटी करप्शन टीम ने ऋषिकांत को रंग लगे नोट दे दिए। जिसके बाद ठेकेदार ऋषिकांत ने जेई को 10 हजार रुपए दिए तो टीम ने उसे पकड़ लिया। अजीमनगर थाना प्रभारी अमरीश कुमार का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications