'दो नैन सितारे हैं चांद सा मुखड़ा..' अब गुजरात में क्राइम ब्रांच के PSI का TikTok वीडियो वायरल
वडोदरा। महेसाणा के लांघणज थाने में टिकटॉक वीडियो बनाने वाली कॉन्स्टेबल अर्पिता चौधरी के सस्पेंड होने की घटना को अभी एक ही दिन हुआ है। इसी बीच शहर क्राइम ब्रांच के पीएसआई अरुण मिश्रा का भी एक वीडियो सामने आ गया है। यह वीडियो भी टिकटॉक पर बनाया गया है। हालांकि, इस वीडियो के वायरल होते ही उन्होंने अपना टिकटॉक अकाउंट डिलीट कर दिया। बहरहाल, उनके ऊपर कार्रवाई की आशंका जताई जा रही है।

'दो नैन सितारे हैं चांद सा मुखड़ा' वाली एक्टिंग की
पीएसआई के वीडियो में देखा जा सकता है कि वह 'दो नैन सितारे हैं चांद सा मुखड़ा, क्या कहना उसका आफरीन...' गीत के साथ फिल्मी हीरो की तरह एक्टिंग कर रहे हैं। दरअसल, तकरीबन डेढ़ साल पहले अरुण मिश्रा की पोस्टिंग सिटी पुलिस थाने में हुई, तभी ऑफिस में बैठे-बैठे ही अपनी वर्दी में उन्होंने यह वीडियो बनाया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ है।

डेढ़ साल पुराना है वीडियो?
डीसीपी जयदीपसिंह जडेजा के मुताबिक, सभी पुलिस अधिकारी के लिए डिसिप्लिन के साथ वर्दी का लिहाज करना जरूरी होता है। हालांकि, पीएसआई अरुण मिश्रा का वीडियो डेढ़ साल पुराना है। ऐसे में शहर से बाहर गए कमिश्नर अनुपमसिंह गहलोत के लौटने के बाद इस बारे में चर्चा की जाएगी और इसके बाद ही पीएसआई पर कोई कार्रवाई करने का निर्णय लिया जाएगा।
सपोर्ट में आए सोशल मीडिया यूजर्स
हालांकि लोगों का कहना है कि, टिकटॉक पर वीडियो बनाकर पीएसआई ने कोई गुनाह नहीं किया है। ना ही अपना फर्ज निभाने में उन्होंने कभी कोई कसर छोड़ी है। फर्ज के दौरान भी पुलिसकर्मी का आम इन्सान होने का हक छीना नहीं जा सकता है। आम इन्सान की तरह सोशल मीडिया का आनंद लेने का अधिकार भी तमाम पुलिसकर्मियों को मिलना ही चाहिए और ऐसा करने पर प्रतिबंध लगाना नाइंसाफी होगी।'












Click it and Unblock the Notifications