जेल में बुटलेगर ने कर दी कैदी की पिटाई, शराब की महफिल की पोल खोलते वीडियो वायरल
Gujarat News, जूनागढ़। गुजरात में जेल के अंदर कैदियों की पिटाई और बुटलेगरों द्वारा शराब पार्टी किए जाने के वीडियो फिर सामने आए हैं। यहां जूनागढ़ की एक जेल में विजय कानजी सोलंकी नाम के कैदी ने वीडियो के जरिए बुटलेगर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कानजी के मुताबिक, उसे जेल में बुटलेगर ने बेरहमी से पीटा।
कानजी ने बुटलेगर का नाम धीरेन कारिया बताया है। उसका कहना है कि कारिया ने जेल में घुसकर अन्य चार कैदियों को भी पीटा। इसके बाद जेल में शराब की महफ़िल भी जमाई। इस मामले में पांच लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। कैदियों ने पुलिस पर आरोप लगाए हैं कि घायलों को अस्पताल नहीं भेजा गया।
जो वीडियो सामने आया है, उसके अनुसार दावा किया जा रहा है कि जेल के अंदर बुटलेगर पैसों के दम पर पार्टी करते हैं। महंगे मोबाइल भी आते रहते हैं। एक कैदी ने दलित होने की वजह से खुद को पीटा जाने का आरोप भी लगाया है। अब इस वीडियो के आधार पर एक बार फिर पुलिस कर्मियों पर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो शहर में चर्चा का विषय बन गया है। कहा जा रहा है कि कैदी के पास मोबाइल कैसे आया?