GYM के बहाने जुआ खेलने जाती थी पत्नी, 12 लाख हारने पर हुआ खुलासा, पति ने करवाया गिरफ्तार
राजकोट। गुजरात के राजकोट में पत्नी की जुआ खेलने की आदत से परेशान पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पति ने कहा कि जिम के बहाने पत्नी जुआ खेलने जाती थी और 12 लाख हारने के बाद मायके चली गई थी। लेनदारों के घर आने पर हकीकत सामने आई। पति की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की है।

जिम का बहाना बनाकर जुआ खेलने जाती थी पत्नी
मामला शहर के सहकार नगर स्थित मेघाणी नगर का है। यहां रहने वाले अंकित भीमाणी ने अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के मुताबिक, पत्नी एकता को जुए की आदत लग गई थी। वह जिम का बहाना कर जुआ खेलने जाती थी। जुए में 12 लाख रुपए हारने के बाद उसने घर से 5.6 लाख के गहने भी चुरा लिए थे और उसे गिरवी रखकर जो रकम उठाई थी वह भी जुए में हार गई।

ससुराल छोड़ मायके चली गई
इसके बाद ससुराल छोड़कर अहमदाबाद अपने मायके चली गई। इधर, अंकित या उसके परिवार को इस मामले की भनक तक नहीं लगी, लेकिन अल्का इमरानभाई नाम की महिला घर पर रुपए लेने आई थी और एकता के जुए में 12 लाख रुपए हारने की बात बताई। अंकित ने घर की तिजोरी और लॉकर चेक की तो साढ़े पांच लाख के जेवर भी गायब थे। उसने जब एकता को फोन कर पूछताछ की तो उसने कर्जा चुकाने के लिए गहनों पर बैंक से लोन लेने की बात बताई।

पति बोला- किसी कीमत पर नहीं रख सकता साथ
अंकित का कहना है कि एकता तीन महीनों से अपने मायके चली गई है। उसके और मेरे माता-पिता के बीच सुलह की बाते चल रही थी। हालांकि, हमें इस बात का अंदाजा तक नहीं था कि उसने हमारे साथ धोखा किया है। अब वह किसी भी हालात में उसे अपने साथ नहीं रखना चाहता है। अंकित ने इस मामले को लेकर पत्नि के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर एकता को अहमदाबाद से गिरफ्तार कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications