Yojana Bhawan Jaipur की बेसमेंट एक किलो गोल्ड बिस्किट, 2.31 करोड़ से अधिक कैश बरामद
राजस्थान पुलिस ने सरकारी भवन के बेसमेंट से दो करोड़ से अधिक कैश और एक किलो गोल्ड बिस्किट बरामद किया है। जयपुर के पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 7-8 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।

Yojana Bhawan Jaipur सरकारी इमारत है। इसकी बेसमेंट में रखी अलमारी में करोड़ों रुपये कैश और एक किलो सोने की बिस्किट बरामद हुई है। पुलिस का कहना है कि अभी तक इस प्रॉपर्टी पर किसी ने दावा नहीं किया है। पुलिस जांच कर रही है।
जयपुर पुलिस आयुक्त आनंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सरकारी कार्यालय- योजना भवन के बेसमेंट में अलमारी में रखे बैग में करीब 2.31 करोड़ रुपये नकद और 1 किलो सोने के बिस्किट मिले हैं। पुलिस ने इन नोटों को जब्त कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया, पुलिस बेसमेंट की तरफ आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पहली नजर में देखने पर लगता है कि अलमारी लंबे समय से लॉक थी, लेकिन कितने टाइम से पैसे वहां रखे हैं, इसकी प्रमाणिक जानकारी नहीं है।
जयपुर पुलिस आयुक्त के अनुसार, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत को भी इस संबंध में सूचित कर दिया गया है। विभाग के करीब 7-8 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि पैसे 3-4 साल से रखे हों, इसकी संभावना नहीं है।
उन्होंने बताया कि दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 102 के तहत पुलिस ने बेसमेंट में बरामद नोटों को जब्त कर लिया है और इस मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है।
बकौल पुलिस कमिश्नर, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के कार्यालय के बेसमेंट में कबाड़ जैसे कई चीजें रखी हैं। इस विभाग में डिजिटाइजेशन किया जा रहा है। दो अलमारी की चाभी नहीं मिलने पर दूसरे दिन ताला तोड़ा गया।
एक अलमारी में फाइलें, जबकि दूसरे में एक बैग और सूटकेस बरामद हुआ। दोनों को खोलने पर सूटकेस में सोने की बिस्किट और बैग में करेंसी नोट बरामद किए गए। एसएचओ अशोकनगर के पास कंप्लेन की गई। जिसके बाद पुलिस के उच्चाधिकारियों ने कानूनी कार्रवाई की।
करेंसी और गोल्ड बार के साथ बरामद ट्रॉली और लैपटॉप बैग किसका है, इसकी जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आयुक्त के अनुसार नोट को गिने जाने के बाद बरामद और जब्त की गई कुल राशि दो हजार और 500 के नोट दो करोड़ 31 लाख 49 हजार 500 रुपये पाई गई। सभी नोट 500 और दो हजार के नई करेंसी में हैं।












Click it and Unblock the Notifications