भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर जैसलमेर में 15 जनवरी से लहराएगा 225 फीट लंबा और 150 फीट चौड़ा तिरंगा
जैसलमेर, 12 जनवरी। खादी से निर्मित विश्व का सबसे बड़ा राष्ट्रीय ध्वज भारतीय तिरंगा 15 जनवरी को सेना दिवस 2022 के अवसर पर राजस्थान के जैसलमेर स्थित मिलिट्री स्टेशन के पास पहाड़ी पर लहराएगा।

आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे अमृत महोत्सव के अन्तर्गत इस विश्व के सबसे बड़े राष्ट्रीय ध्वज के स्थापना दिवस की तैयारियां इन दिनों जोरों पर चल रही है।
जैसलमेर शहर में आने वाले सैलानी कई किमी दूर से ही इस सबसे बड़े राष्ट्रीय ध्वज को देख सकेंगे। 15 जनवरी को आयोजित होने वाले इस ध्वज की स्थापना के कार्यक्रम में सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि व अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहेंगे।
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के लेह व मुम्बई के बाद भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित जैसलमेर शहर देश में ऐसा तीसरा स्थान है, जहां पर देश में खादी से निर्मित इस विश्व के सबसे बड़े ध्वज को स्थापित कर लहराया जाएगा।
जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन से कुछ ही दूरी पर जोधपुर राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर इन दिनों एक पहाड़ी पर विश्व के सबसे बड़े राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को स्थापित कर लहराने की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।
यह झण्डा करीब 225 फीट लंबा और 150 फीट चौड़ा व करीब 1000 किलोग्राम वजनी होगा। इसे भारतीय खादी ग्रोमोद्योग ने तैयार किया है। ध्वज की स्थापना के लिए जेसीबी व दर्जनों मजदूर जुटे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications