राजस्थान: पुलिस थाने पहुंचकर बोली महिला-'पैसों के लिए मेरी बेटी को बेचना चाहता है पति, बचा लीजिए साहब'
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले के पंडेर थाना इलाके में जिस्मफरोशी का धंधा पुलिस व प्रशासन की लाख प्रयासों के बाद भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें एक कलयुगी पिता ने अपनी 9 साल की बेटी का सौदा करने का प्रयास किया।

सरपंच पति के साथ पहुंची थाने
जानकारी के अनुसार पंडेर थाना क्षेत्र के एक बस्ती में रहने वाले प्रकाश गुदडावत पर आरोप है कि उसने अपनी नाबालिग बेटी को जिस्मफरोशी के धंधे में धकेलने का प्रयास किया। पिता की इस घिनौनी करतूत के खिलाफ मां ने आवाज उठाते हुए पण्डेर सरपंच पति मुकेश जाट के सहयोग से पण्डेर थाने पहुंच कर शिकायत दी।

स्टिंग ऑपरेशन से खुलासा
मामले में शाहपुरा एडिशनल एसपी अनुकृति उज्जैनिया ने गंभीरता दिखाते हुए पण्डेर थाना अधिकारी नरेन्द्र सिह को तत्काल मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि 8 माह पूर्व मीडिया के स्टिंग ऑपरेशन के बाद जहाजपुर, पण्डेर, हनुमान नगर सहित क्षेत्र के कई थाना क्षेत्र में चल रहे जिस्म फरोशी के धंधों का खुलासा गया किया था।

दो दर्जन आरोपी गिरफ्त में
इस दौरान सामने आया था कि क्षेत्र की कई बस्तियों में 6 से 60 साल तक की बच्चियों/महिलाओं से जबरन जिस्म फरोशी का धंधा करवाया जाता है। स्टिंग के तहत हुए खुलासे के बाद एएसपी उज्जैनिया ने अभियान चलाते हुए एक दर्जन से ज्यादा बच्चियों को मुक्त करवाया और दो दर्जन आरोपी पुलिस गिरफ्त में आए थे।

जबरन घर में बंद कर दिया
गुरुवार की ऐसे ही एक मामले से जुड़ी पीड़ित मा जब थाने पहुंची तो पंडेर थाना पुलिस के रुख ने उसे विचलित कर दिया। इस मां ने मीडिया को बताया कि इसका पति प्रकाश भी उससे जबरन जिस्मफ़रोशी का धंधा करवाता है। मीडिया स्टिंग के दौरान भी जब उसने आवाज उठाने का प्रयास किया तो उसे जबरन घर में बंद कर दिया गया।

एएसपी ने दिए जांच के आदेश
कई महीनों तक उसके साथ बदसलूकी की गई। पूर्व में भी उसने थाने पहुंच पुलिस से मामले की शिकायत की, लेकिन पंडेर थाना पुलिस ने उसे डरा धमकाकर चलता कर दिया था। अब एक मां फिर अपनी 9 साल की बेटी के लिए आवाज उठा रही है। इस मां की पुकार को एडिशनल एसपी उज्जैनिया ने सुना और मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications