राजस्थान में सीएम फेस को लेकर कश्मकश, पार्टी हाईकमान ने बाबा बालकनाथ और गजेंद्र सिंह शेखावत को दिल्ली बुलाया
Rajasthan CM Face: राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। बीजेपी ने भारी बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। इसके साथ ही सबसे बड़ा सवाल सामने खड़ा है। आखिर राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा?
बीजेपी ने चुनाव से पहले सीएम उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की थी। साथ ही पार्टी ने अपने बड़े सांसदों को भी चुनाव मैदान में उतारा था। पूर्ण बहुमत से सरकार बना रही बीजेपी के अंदर अब सीएम पद के दावेदारों को लेकर कश्मकश शुरू हो गई है।

ऐसा कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री पद के लिए केंद्र की पसंद दलित नेता और केंद्रीय विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल हैं। गजेंद्र सिंह शेखावत और बाबा बालकनाथ का नाम भी इस लिस्ट में ऊपर है। कहा जा रहा है कि तिजारा से चुनाव जीतने वाले बाबा बालकनाथ सीएम पद के लिए वाइल्डकार्ड एंट्री हो सकते हैं। राजस्थान में शानदार जीत दर्ज करने के बाद केंद्र ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को दिल्ली तलब किया है। साथ ही बाबा बालकनाथ को भी पार्टी हाईकमान ने मिलने बुलाया है।
आपको बता दें, राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की रेस में बाबा बालकनाथ, गजेंद्र सिंह, अर्जुन मेघवाल के अलावा दीया कुमारी का नाम भी चर्चा में है। बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक जल्द ही दिल्ली में होगी। बैठक में विधायक दल के नेता का नाम तय किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में से मानी जा रही हैं।
राजस्थान के सीएम फेस को फाइनल करने की कवायद तेज हो चली है। राजस्थान भाजपा प्रमुख सीपी जोशी अरुण सिंह से मिलने पहुंचे हैं। प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी के बीच महत्वपूर्ण चर्चा हो रही है।
राजस्थान में 199 विधानसभा सीटों पर 25 नवंबर को वोटिंग हुई थी। जिनमें से 115 सीटें बीजेपी ने जीतते हुए पूर्ण बहुमत हासिल की है। कांग्रेस के खाते में 69, बहुजन समाज पार्टी को 2 और अन्य को 1 सीट मिली है। राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीट हैं लेकिन श्रीगंगानगर की श्रीकरणपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कोन्नूर के निधन के कारण वोटिंग 199 सीटों पर ही हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications