RBSE Result: You tube से पढ़ाई, सालभर से पिता से नहीं मिली, कौन है राजस्थान 12वीं की टॉपर विदुषी शेखावत
Rajasthan Topper 12th Arts 2023 Vidushi Shekhawat: सीकर के दूजोद गांव की रहने वाल विदुषी शेखावत 2023 की परीक्षाओं में प्रभावशाली स्कोर के साथ राजस्थान 12वीं आर्ट्स 2023 में टॉपर बनकर उभरी हैं।

Rajasthan Topper 12th Arts 2023 Vidushi Shekhawat: राजस्थान बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने आरबीएसई (RBSE) 12वीं के आर्ट्स स्ट्रीम का रिजल्ट जारी कर दिया है। छात्र राजस्थान 12वीं बोर्ड के आर्ट्स स्ट्रीम का रिजल्ट अधिकारिक वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in देख सकते हैं। सीकर के दूजोद गांव की रहने वाली विदुषी शेखावत आर्ट्स में टॉप रही हैं।
सीकर स्थित प्रिंस स्कूल की छात्रा विदुषी शेखावत 99.20 प्रतिशत नंबर लाकर स्टेट टॉपर बनी हैं। विदुषी शेखावत को 500 में से 496 नंबर मिले हैं। विदुषी शेखावत फिलहाल 16 साल की हैं। राजस्थान 12वीं में टॉप करने विदुषी शेखावत के पिता अजय सिंह शेखावत होटल मैनेजमेंट का काम करते हैं और मां एक हाउस वाइफ है। विदुषी का छोटा भाई सूर्य प्रताप 6 साल का है।
विदुषी ने बताया कि वह अब जज बनना चाहती हैं। विदुषी शेखावत प्रिंस स्कूल सीकर की छात्रा हैं, जिन्हें मेरिट फैक्ट्री के नाम से जाना जाता है। वह दो साल से प्रिंस स्कूल सीकर में डे-स्कॉलर की छात्रा रही हैं। विदुषी के साथ प्रिंस स्कूल की एक और छात्रा प्रियंका चौधरी ने 12वीं आर्ट्स आरबीएसई रिजल्ट 2023 में 98.20% अंक हासिल किए हैं।

विदुषी ने बताया कि उनके पिता मध्य प्रदेश में रहते हैं और वहां काम करते हैं। विदुषी ने कहा, ''मैं अपने पिता से सालभर से नहीं मिली हूं। जब मेरा मन पिता से मिलने का होता है तो मैं मध्य प्रदेश जाने के बजाय उनको वीडियो कॉल करती हूं। ताकि समय की बचत हो सके। मैं एक साल से अपने पिता और रिश्तेदारों से नहीं मिले। दोस्तों से भी नहीं मिली।''

विदुषी ने कहा, ''पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए घर वालों ने टीवी पैक कर लिया था। मेरी दिनचर्या थी कि स्कूल से आने के बाद मैं सीधे अपने स्टडी रूम में चली जाती थी। कई बार तबीयत खराब होने पर भी मां और भाई उसे मोटिवेट करते थे।''

विदुषी ने बताया, ''मैं स्कूल से घर आने के बाद रोजाना 5 से 6 घंटे पढ़ाई करती थी। मैंने कई विषयों की पढ़ाई यूट्यूब से की है। मैं मोबाइल में राजनीति विज्ञान और इतिहास से जुड़े वीडियो और कंटेंट देखकर पढ़ाई करती था। हमें मोबाइल का सही इस्तेमाल करना आना चाहिए। अगर आप ऐसा करते हैं तो यह आपके लिए बहुत मददगार होगा।''

विदुषी ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति समर्पण को दिया है। उनका मानना है कि उनके स्कूल ने 12वीं आर्ट्स 2023 राजस्थान टॉपर बनने की उनकी यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विदुषी ने अपनी शैक्षणिक यात्रा के दौरान अपने माता-पिता और शिक्षकों के निरंतर समर्थन और मार्गदर्शन के लिए भी आभार व्यक्त किया है।
देखिए विदुषी शेखावत की मार्कशीट
| विषय | नंबर (100 में) |
| 1. पॉलिटिकल साइंस (Political Science) | 100 में 100 |
| 2. भूगोल (Geography) | 100 में 100 |
| 3. इतिहास (History) | 100 में 99 |
| 4. अंग्रेजी (English) | 100 में 99 |
| 5. हिंदी (Hindi) | 100 में 98 |
ये भी पढ़ें- PSEB 12th Results 2023: कौन हैं पंजाब बोर्ड 12वीं की टॉपर सुजान कौर, मिले फुल मार्क्स












Click it and Unblock the Notifications