'आखिर मेरा कसूर क्या था, क्या मैं दागी था..', टिकट नहीं मिलने पर छलका BJP MP का दर्द, पूछे तीखे सवाल
BJP MP Rahul Kaswan: बीजेपी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में 159 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। लेकिन जिन उम्मीदवारों को टिकट नहीं मिला, उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की है। इस बीच राजस्थान के चूरू से बीजेपी सांसद राहुल कस्वां को टिकट नहीं मिलने पर उनक दर्द छलका है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर पूछा कि मेरा अपराध क्या था? एक्स पर पोस्ट में राहुल कस्वां ने कहा कि आखिर मेरा कसूर क्या था? क्या मैं ईमानदार नहीं था? क्या मैं मेहनती नहीं था? क्या मैं वफादार नहीं था? क्या मैं दागी था? क्या मैंने चूरू लोकसभा में काम कराने में कोई कसर छोड़ी?

बीजेपी सांसद ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री की सभी योजनाओं के कार्यान्वयन में सबसे आगे था। और क्या चाहिए था? मैंने जब भी ये सवाल पूछा तो सभी अवाक रह गए। कोई भी इसका उत्तर देने में सक्षम नहीं है। राहुल कस्वां के पिता राम सिंह भी चूरू से बीजेपी सांसद और विधायक रह चुके हैं। उनकी मां कमला कस्वां सादुलपुर से बीजेपी विधायक रह चुकी हैं।
बता दें कि भाजपा ने इस सीट से पैरालंपिक में दो बार स्वर्ण और एक बार रजत पदक जीतने वाले देवेन्द्र झाझरिया को मैदान में उतारा है। भाजपा ने शनिवार को राजस्थान की 25 में से 15 सीटों के लिए अपने लोकसभा चुनाव उम्मीदवारों की घोषणा की, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ चार केंद्रीय मंत्री शामिल हैं।
जिन मौजूदा सांसदों को आगामी चुनाव लड़ने के लिए नामांकन से वंचित कर दिया गया है उनमें राहुल कस्वां (चूरू), रंजीता कोली (भरतपुर), देवजी पटेल (जालौर), अर्जुन लाल मीणा (उदयपुर) और कनकमल कटारा (बांसवाड़ा) शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की राज्यसभा से दिया इस्तीफा, ऐसी क्या थी वजह?












Click it and Unblock the Notifications