Viral Video : पूर्व वित्त मंत्री नमोनारायण मीणा को गहलोत सरकार के मंत्रियों ने गाड़ियों में नहीं दी लिफ्ट
सवाई माधोपुर के गंगापुरसिटी से एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मनमोहन सरकार में वित्त मंत्री नमोनारायण मीणा को अशोक गहलोत सरकार के विधायक व मंत्री लिफ्ट के नाम पर नजरअंदाज करते दिख रहे हैं।
राजस्थान के दिग्गज कांग्रेस नेता व पूर्व वित्त मंत्री नमोनारायण मीणा का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे गहलोत सरकार के नेताओं से गाड़ी में लिफ्ट मांगते नजर आ रहे हैं। इस पर राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि वे नमोनारायण मीणा का अपमान सह नहीं पा रहे हैं। कांग्रेस से इसका बदला लेंगे।

मीणा को दोनों ही गाड़ियों में जगह नहीं मिली।
नमोनारायण मीणा का यह वायरल वीडियो राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के गंगापुरसिटी में 24 नवंबर को हुए सरकारी अस्पताल के भूमि पूजन समारोह के बाद का बताया जा रहा है। हालांकि वन इंडिया हिंदी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में देखा जा सकता समारोह सम्पन्न होने पर वापसी के दौरान पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री नमोनारायण मीणा अशोक गहलोत सरकार के किसी मंत्री की गाड़ी के पास संभवतया लिफ्ट मांगते हैं। उन्हें बिना बैठाए गाड़ी आगे निकल जाती है। इसी तरह से वे दूसरी गाड़ी के पास जाकर भी लिफ्ट मांगते हैं। मीणा को दोनों ही गाडि़यों में जगह नहीं मिली।
दोनों ने कांग्रेस नेता को नजरअंदाज कर दिया
समारोह में खुद सीएम अशोक गहलोत भी आए थे। अन्य कई नेता व मंत्री भी पहुंचे थे। समारोह समापन के बाद सीएम गहलोत तो वहां से चले गए थे। पूर्व वित्त मंत्री नमोनारायण मीणा ने लिफ्ट के लिए जिन दो मंत्रियों की गाड़ी रुकवाई वो एक तो मंत्री भजनलाल जाटव व दूसरी चिकित्सा मंत्री परसादीलाल मीणा की बताई जा रही है। दोनों ने कांग्रेस नेता को नजरअंदाज कर दिया।
नमोनारायण मीणा के अपमान का बदला लेकर रहेंगे - किरोड़ी लाल मीणा
वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। लोग इसे समय समय की बात बता रहे हैं। राजस्थान सरकार के मंत्रियों की गाड़ी एक के बाद एक करके वहां से निकल गई और पूर्व वित्त मंत्री नमोनारायण मीणा देखते रह गए। इधर, वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा से राज्यसभा सांसद डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने नमोनारायण मीणा से उनके जयपुर स्थित आवास पर मुलाकात की। मीडिया से बातचीत में किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता का अपमान कांग्रेस सरकार के विधायकों के अहंकार को दिखाता है। वे नमोनारायण मीणा के अपमान का बदला लेकर रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications