Udaipur Row: बोले पायलट- 'आरोपियों ने इंसानियत को शर्मसार किया, ऐसी सजा मिले जो दुनिया याद रखे'
मुंबई, 30 जून। उदयपुर में टेलर कन्हैयालाल की निर्मम हत्या से पूरा देश गुस्से से उबल रहा है, हर आम से खास लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। तो वहीं कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट ने कहा कि 'मैं इसे आतंकी हमला ही मानूंगा, आरोपियों ने मानवता और इंसानियत को शर्मसार कर दिया है।'

गुस्से से उबलते हुए सचिन पायलट ने कहा कि 'दोनों आरोपी पकड़े गए हैं, जिन्हें फास्ट ट्रैक कोर्ट से ऐसी सजा मिले जो देश, दुनिया में एक उदाहरण बने, लोग ऐसा अपराध करने से पहले कम से कम सौ बार सोचे, उन्होंने कहा कि हम पीड़ित परिवार के लोगों को सारी मदद प्रदान करेंगे। इस घटना में जो भी जिम्मेदार है, वो चाहे कितना भी बड़ा कोई व्यक्ति या अधिकारी ना हो उसके खिलाफ एक्शन जरूर लिया जाएगा। आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जा सकता है।
गौरतलब है कि गुरुवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी उदयपुर पहुंचे और उन्होंने मृतक कन्हैयालाल के परिजनों से मुलाकात की। सीएम ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और न्याय का भरोसा दिलाया है। इससे पहले राजस्थान सरकार ने कन्हैया लाल के परिवार के लिए 50 लाख की सहायता राशि और दो लोगों को संविदा नौकरी देने का ऐलान किया था। पीड़ित परिवार के मिलने के बाद सीएम गहलोत ने कहा है कि हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि आरोपियों को फांसी की सजा हो।
मालूम हो कि भाजपा की सस्पेंड प्रवक्ता नूपुर शर्मा के समर्थन में एक पोस्ट की वजह से राजस्थान के उदयपुर में 28 जून को टेलर कन्हैयालाल की बेदर्दी से हत्या कर दी गई। हत्यारोपी गौस मोहम्मद और रियाज कपड़े सिलाने के बहाने उनकी दुकान में घुसे थे। इस हत्या के बाद से पूरे प्रदेश में तनाव व्यापत है, फिलहाल सीएम ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications