Udaipur: लड़के-लड़की का क्षत-विक्षत शव मिला, गुप्तांग भी काटे, ऑनर किलिंग का शक
राजस्थान के उदयपुर जिले में एक कपल का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। जिसको देखकर ये मामला ऑनर किलिंग या फिर निजी दुश्मनी का लग रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इस घटना की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा कि लड़का-लड़की 15 नवंबर से ही लापता थे।

जानकारी के मुताबिक राहुल मीणा (30) और सोनू सिंह (28) का शव गोगुन्दा थाने के पास सुनसान इलाके में शुक्रवार को बरामद हुआ। राहुल आदिवासी समुदाय से थे, जबकि सोनू राजपूत, ऐसे में इस मामले में ऑनर किलिंग की आशंका जताई जा रही। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। वहीं दोनों स्थानीय ही थे, जिनका गांव करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर था।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक दोनों के शवों को भारी पत्थरों से पीटा गया। इसके बाद हमलावारों ने धारदार हथियार से युवक का गुप्तांग काटा। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये आपसी रंजिश की वारदात भी हो सकती है। उनकी जांच सभी पहलुओं को देखते हुए जारी है। युवक के गुप्तांग काट दिए गए थे, जबकि लड़की के प्राइवेट पार्ट पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया। प्रारंभिक जांच से लगता है कि उनकी हत्या दो दिन पहले की गई थी, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
एसपी ने कही ये बात
वहीं मामले में उदयपुर के पुलिस अधीक्षक विकास शर्मा ने कहा कि उनकी टीम ने मौके से सारे सबूत इकट्ठा कर लिए हैं। फॉरेंसिक की टीम भी घटनास्थल पर गई थी, जो जांच कर रही। दोनों 15 नवंबर से लापता बताए जा रहे थे। उनके घर वालों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications