'जय श्रीराम' और 'मोदी जिंदाबाद' नहीं बोलने पर ऑटोवाले को बेरहमी से पीटा, दांत तोड़े, दाढ़ी भी नोच ली
नई दिल्ली: राजस्थान के सीकर में एक ऑटोवाले की पिटाई का मामला सामने आया है। ऑटोवाले की गलती इतनी थी कि उसने 'जय श्रीराम' और 'मोदी जिंदाबाद' बोलने से इनकार कर दिया था। मामले में पीड़ित ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही जांच भी शुरू कर दी है। आरोपियों पर पहले भी लूट और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं।
Recommended Video

दाढ़ी भी नोच ली
पीड़ित गफ्फार अहमद कछवा के भतीजे शाहिद के मुताबिक उनके चाचा शुक्रवार को सुबह करीब चार बजे सवारियों को गांव छोड़कर जा रहे थे। इसी दौरान दो लोग बोलेरो से आए और उन्हें रोक लिया। पहले तो उन्होंने उनसे तंबाकू मांगी, लेकिन जब उनके चाचा ने तंबाकू दिया तो उन्होंने उसे लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने चाचा से मोदी जिंदाबाद और जय श्रीराम बोलने को कहा। जिसे गफ्फार अहमद ने बोलने से इनकार कर दिया। इतने में वो भड़क गए और उनकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान उनकी दाढ़ी भी नोची, साथ ही लात और डंडे से मारा।

उम्र का भी नहीं किया लिहाज
पीड़ित ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने मोदी जिंदाबाद का नारा लगाने को कहा, जिससे इनकार करने पर सबसे पहले उन्होंने थप्पड़ मारा। इसके बाद गफ्फार ने अपना ऑटो लिया और तेजी से भागे। इस पर आरोपियों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। बाद में जगमालपुरा के पास उन्होंने ओवरटेक कर ऑटो रोक लिया। फिर गाली देते हुए उन्हें बेरहमी से पीटा। उसके बाद दोबारा मोदी जिंदाबाद और जय श्रीराम का नारा लगाने को कहने लगे। उन्होंने उनकी उम्र का भी लिहाज नहीं किया और उन्हें पीटते रहे।

पैसे और घड़ी भी छिनी
पीड़ित की शिकायत के मुताबिक इस घटना में उनके दो-तीन दांत टूटे और बायीं आंख सूज गई। आरोपियों ने मारपीट के बाद उनके 700 रुपये और घड़ी भी छीन ली। पिटाई के बाद आरोपियों ने गफ्फार से कहा कि वो उन सब को पाकिस्तान भेज कर ही दम लेंगे। घटना के बाद गफ्फार थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज करवाई। जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान शंभूदयाल जाट (35 ) और राजेंद्र जाट (30) के रूप में हुई है। दोनों पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। साथ ही घटना में प्रयोग की गई गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications