खुद की शादी वाले दिन कोरोना के खिलाफ जंग लड़ता रहा राजस्थान पुलिस का यह कांस्टेबल
सीकर। जिस वक्त उसके सिर पर सेहरा सजना था। उस वक्त वह कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ता नजर आया। राजस्थान पुलिस के इस कोरोना योद्धा का नाम है अशोक कुमार काजला।

राजस्थान के सीकर जिले के गांव कल्याणपुरा निवासी कांस्टेबल अशोक कुमार जयपुर जिले के गोविंदगढ़ पुलिस थाने की खेजरोली पुलिस चौकी के अधीन निवाणा-देवथला गांव में तैनात हैं। यहां पर लॉकडाउन की पालना व कानून व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा संभाल रखा है। बता दें कि अशोक कुमार की अक्षय तृतीया पर झुंझुनूं के पचलंगी पापड़ा निवासी युवती के साथ शादी तय थी। इसी दौरान देशभर में कोरोना संकट आ गया। राजस्थान में भी कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल गया।
कोरोना वायरस की वजह से जारी लॉकडाउन में अशोक ने अपने परिजनों व ससुराल वालों को शादी स्थगित करने के लिए राजी किया। ताकि वह संकट की इस घड़ी में अपनी सेवा देश को दे सके। जिस दिन अशोक की शादी होनी थी, उस दिन वह देवथला गांव में बस स्टैंड के पास नाके पर ड्यूटी देता रहा।
शादी की तिथि नजदीक आने के साथ ही जवान अशोक काजला ने अपने परिजनों से शादी स्थगित करने की गुजारिश शुरू कर दी थी। वह कहता रहा कि शादी तो कुछ महीनों बाद हो जाएगी, लेकिन फिलहाल कोरोना वायरस पर काबू पाना ज्यादा जरूरी है। आखिरकार परिजन माने और उन्होंने दुल्हन पक्ष से इस संबंध में बात की। अशोक का जज्बा देखकर वह भी इसके लिए तैयार हो गए।












Click it and Unblock the Notifications