Rajasthn Election: कांग्रेस-BJP के वो दिग्गज नेता, जो कभी बांटते थे टिकट, इस बार खुद को ही नहीं मिला
Rajasthan Chunav News: राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा-कांग्रेस ने अपने चार पूर्व प्रदेशाध्यक्षों अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, परसराम मोरदिया व डॉ. चंद्रभान को टिकट नहीं दिया है।
Rajasthan Assembly Election 2023: कहते हैं कि राजनीति में समय बड़ा बलवान है। यह बात राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा-कांग्रेस के इन चार दिग्गज नेताओं अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनाम, डॉ. चंद्रभान और परसराम मोरदिया पर भी लागू होती है, जो कभी चुनावों में पार्टी के अन्य उम्मीदवारों की टिकटें तय किया करते थे, आज खुद चारों ही टिकट को तरस गए।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में सभी 200 सीटों पर एक साथ 25 नवंबर को मतदान होगा है। आज नामांकन का आखिरी दिन है। भाजपा-कांग्रेस सभी सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। तीन दिसंबर को मतों की गणना होगी। जानिए उन चार प्रदेशाध्यक्षों के बारे में जो भी कभी राज्य में पार्टी के सुप्रीम लीडर हुआ करते थे। इस बार उन्हें टिकट नहीं मिला।

अरुण चतुर्वेदी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बीजेपी
अरुण चतुर्वेदी राजस्थान भाजपा के दिग्गज नेता हैं। 10 जुलाई 2009 से 8 फरवरी 2013 तक राजस्थान में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रहे। भाजपा ने जयपुर की सिविल लाइंस विधानसभा सीट से इस बार अरुण चतुर्वेदी का टिकट काटकर उनकी जगह पत्रकार गोपाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में अरुण चतुर्वेदी का टिकट कटने का विरोध भी हो रहा है। अरुण चतुर्वेदी 2013 में सिविल लाइंस से कांग्रेस के प्रताप सिंह खाचरियावास को हराकर विधायक बने थे। पांच साल तक कैबिनेट मंत्री भी रहे।
अशोक परनामी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा
12 फरवरी 2014 से लेकर 29 जून 2018 तक भाजपा के राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष रहे अशोक परनामी का भी राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में टिकट कट गया। परनामी जयपुर के महापौर रहे और जयपुर की आदर्श नगर सीट से विधायक बने।
भाजपा ने आदर्श नगर सीट पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक की जगह नए चेहरे रवि नैयर को उम्मीदवार घोषित किया है। रवि नैयर पंजाबी महासभा के अध्यक्ष हैं और जयपुर में बड़े बिजनेसमैन हैं।
परसराम मोरदिया, पूर्व पीसीसी चीफ
राजस्थान कांग्रेस कमेटी में कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभाल चुके परसराम मोरदिया को भी टिकट नहीं मिला। सीकर जिले की धोद सीट से विधायक परसराम मोरदिया को टिकट काटकर उनकी जगह जगदीश दानोदिया को मैदान में उतारा गया है।
परसराम मोरदिया राजस्थान के सबसे अमीर विधायकों में से एक हैं। ये सीकर की लक्ष्मणगढ़ सीट से पांच बार विधायक रह चुके हैं। राजस्थान में मंत्री व राजस्थान आवासन मंडल के अध्यक्ष भी रहे हैं। इस बार चुनाव में मोरदिया को टिकट का इंतजार ही रहा।
डॉ. चंद्रभान, पूर्व पीसीसी चीफ
राजस्थान कांग्रेस में डॉ. चंद्रभान दिग्गज नेता हैं। साल 2010 से लेकर 2014 तक चंद्रभान राजस्थान पीसीसी के चीफ भी रहे। मूलरूप से मंडावा क्षेत्र के रहने वाले डॉ. चंद्रभान ने परिसीमन से पहले टोंक जिले की टोडारायसिंह व झुंझुनूं की मंडावा सीट से विधायक रहे हैं। राजस्थान की कांग्रेस में मंत्री भी रहे।
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में चर्चा थी कि डॉ. चंद्रभान मालपुरा सीट से चुनाव लड़ेंगे, क्योंकि यहां से पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं। मगर चंद्रभान को टिकट ही नहीं मिला। कांग्रेस ने मालपुरा से घासीलाल चौधरी को मैदान में उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications