राजस्थान: कोटकास्ता किले में हुई थी 'द वॉरियर्स' की शूटिंग, एक सुसाइड के बाद किला बन गया खंडहर
जालोर। राजस्थान की भूमि गढ़, किले और महलों वाली है। यहां लगभग प्रत्येक जिले में कोई ना कोई ऐतिहासिक गढ़ जरूर मिल जाएगा। इनमें से कुछ किलो की ही किस्मत अच्छी है कि वे आज भी आबाद हैं, मगर ऐसे किलो की भी कमी नहीं है जो बदहाल हैं। खंडहर बनकर मानो वे अपने अस्तित्व को बचाने की गुहार लगा रहे हो। राजस्थान के इन किलो के पीछे की कहानी बेहद रोचक है। ऐसा ही एक किला है कोटकास्ता में।

'द वॉरियर्स' की शूटिंग के बाद आया चर्चा में
राजस्थान के जालोर जिले के गांव कोटकास्ता में स्थित यह किला उस समय देशभर की सुर्खियां बना जब इसमें हॉलीवुड फिल्म 'द वॉरियर्स' की शूटिंग की गई थी। इसके बाद यह किला एक बार फिर चर्चाओं में आया था, लेकिन कुछ दिन बाद ही चर्चाएं समाप्त हो गई और किला तब से लेकर अब तक अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। यह ऐतिहासिक दुर्ग बिना देखरेख के खंडहर में तब्दील हो गया है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग चल रही है कि इस किले का जीर्णोद्धार करके यहां पर्यटन को बढ़ावा देना चाहिए।

भीनमाल से 15 किमी दूर कोटकास्ता किला
जालोर जिले के भीनमाल कस्बे से 15 किलोमीटर दूर स्थित कोट का स्थान गांव में बना यह दुर्ग गुरु जालंधर नाथ और गोरखनाथ जैसे योगियों के समुदाय की तपस्थली रही है। कोट गांव पहले परकोटे के अंदर बसा हुआ था। गांव में आने जाने के लिए दो अलग-अलग गेट बने हुए थे। गेट पर 24 घंटे पहरेदार पहरा देते थे। परकोटे के बाहर कस्तान गांव बसा हुआ था। अब आबादी बढ़ने के कोट और कस्तान एक हो गए और कोटकास्ता गांव से पहचाने जाने लगा।

कोटकास्ता किले का इतिहास
समाजसेवी घनश्याम कुमार बताते हैं कि कोटकास्ता के जागीरदार बाद में जनता पर अत्याचार करने लगे थे। एक महिला ने अत्याचार से परेशान होकर किले से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। मरने से पहले उसने तत्कालीन जागीरदार को श्राप दिया था कि तेरी वंश रेखा आगे नहीं बढ़ेगी। किदवंती है कि उसी श्राप की वजह से ठिकाना वंशहीन हो गया। वर्तमान में भी ये किला खंडहर अवस्था में है।












Click it and Unblock the Notifications