VIDEO: Sunny Deol ने तनोट माता के दरबार में मांगी मन्नत, BSF जवानों संग ‘मैं निकला गड्डी लेके' पर थिरके
Sunny Deol Tanot Mata Visit: बॉलीवुड के दमदार अभिनेता सनी देओल एक बार फिर देशभक्ति और श्रद्धा से भरे रंग में नजर आए, जब वे बुधवार को अचानक जैसलमेर स्थित भारत-पाक सीमा के पास स्थित प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर पहुंचे। अपनी आने वाली फिल्म 'जाट' की सफलता के लिए आशीर्वाद लेने पहुंचे सनी देओल ने वहां मौजूद BSF जवानों के साथ विशेष पल साझा किए।
सुबह करीब 8 बजे दिल्ली से चार्टर फ्लाइट के जरिए जैसलमेर पहुंचे सनी देओल ने पहले तनोट माता के दर्शन किए और फिर मंदिर परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए। जैसे ही BSF जवानों ने उनकी सुपरहिट फिल्म 'गदर' का प्रसिद्ध गाना 'मैं निकला गड्डी लेके' गाना शुरू किया, सनी देओल खुद को रोक नहीं पाए और जवानों के साथ पूरे जोश में डांस किया।

इस कार्यक्रम में DIG योगेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में BSF ने उनका स्वागत किया। देओल ने जवानों की ड्यूटी के प्रति निष्ठा की सराहना करते हुए कहा, "देश की सुरक्षा में सीमा सुरक्षा बल की भूमिका सबसे अहम है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा पर पूरे देश को गर्व है।"

गहराता जा रहा है तनोट माता से सनी देओल का नाता
सनी देओल का तनोट माता मंदिर से रिश्ता कोई नया नहीं है। उनकी फिल्म 'बॉर्डर' में इस मंदिर को खास स्थान दिया गया था और 'गदर-2' की रिलीज से पहले भी वे यहीं आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। 'गदर-2' की सफलता के बाद उनका इस मंदिर में विश्वास और भी गहरा हो गया। अब वे अपनी नई फिल्म 'जाट', जो 10 अप्रैल को रिलीज हो रही है, के लिए फिर एक बार मां तनोट के दर पर पहुंचे।

'जाट' से सनी देओल को बड़ी उम्मीदें
गोपीचंद मलिनेनी के निर्देशन में बनी फिल्म 'जाट' हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी। फिल्म में सनी देओल के साथ रणदीप हुड्डा, विनीत कुमार सिंह, सैयामी खेर और रेजिना कैसंड्रा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
एक्शन और देशभक्ति से भरपूर इस फिल्म को लेकर सनी देओल बेहद उत्साहित हैं। मंदिर दर्शन और जवानों के साथ संवाद के बाद सनी देओल दोपहर करीब 2 बजे वापस मुंबई रवाना हो गए।












Click it and Unblock the Notifications