चूरू पुलिस की नई पहल, हर मोहल्ले में बनेंगे स्ट्रीट वॉरियर्स, मकसद- ना कोई भूखा सोये, न कोई बाहर निकले
चूरू। कोरोना वायरस संक्रमण चुनौती के समय एक तरफ जहां चूरू पुलिस कर्फ़्यू लॉकडाउन समेत विभिन्न कानून और व्यवस्था से काम को बेहतर ढंग से अंजाम दे रही हैं, वहीं जरूरतमंद लोगों के प्रति भी पूरी संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ काम करते हुए एक मिसाल पेश कर रही है।

यह भी पढ़ें : Give UP something : चूरू जिला कलक्टर संदेश नायक ने छोड़ा लंच, लॉकडाउन अवधि में नहीं लेंगे दोपहर का भोजन
इसी क्रम में चूरू जिला पुलिस ने विभिन्न संकटों से जूझ रहे इस समय में प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक भोजन की पहुंच सुनिश्चित करने तथा उसे लॉकडाउन का उल्लंघन करने से बचाने के लिए एक नई मुहिम शुरू की है। 'मेरा चूरू-मेरा फर्ज...' 'न मेरी गली में कोई भूखा सोएगा, न मेरी गली में कोई बाहर निकलेगा' के विचार के साथ शुरू किए जा रहे इस अभियान में चूरू पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने लोगों से कोरोना के खिलाफ रण में चूरू स्ट्रीट वॉरियर्स बनने की अपील की है।
योद्धा बनकर रणभूमि में डटने की जरूरत
स्ट्रीट वाॅरियर्स अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति यह देखें कि उसकी गली-मौहल्ले, पड़ौस में कोई व्यक्ति भूखा नहीं सोए। लोगों के अलावा बेसहारा पशुओं, पक्षियों की भी आवश्यकता पूरी हो। लोग दीवारों, छतों पर चुग्गा व परिंडा रखें। यदि यह होगा तो निस्संदेह हम इस युद्ध से विजयी होकर निकलेंगे, लेकिन इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर योद्धा बनकर रणभूमि में डटने की जरूरत है।
पुलिस करेगी स्ट्रीट वॉ रियर्स की सुरक्षा
चूरू एसपी तेजस्वनी गौतम ने आमजन से अपील की है कि चूरू पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। ऐसे में लोग भी अपना फर्ज निभाएं और इस दिशा में आगे आएं। अपने मौहल्ले के कोरोना वाॅरियर्स बनें। लोगों से समझाइश करें कि वे बाहर नहीं निकलें। खाना ज्यादा बन गया है तो वेस्ट न करें, उसे किसी जरूरतमंद के साथ शेयर करें।












Click it and Unblock the Notifications