वसुंधरा राजे के काफिले पर पथराव करने वाले 17 गिरफ्तार 55 पर मामला दर्ज, राजनीति तेज
जयपुर। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की जोधपुर सम्भाग में हो रही राजस्थान गौरव यात्रा के दौरान उनके रथ पर पथराव करने वालों की धरपकड़ शुरू हो गई है। पुलिस ने 55 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर गिरफ्तारियां शुरू कर दी है। अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। इसके अलावा अन्य की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। इधर, इस मामले में राजनीति भी तेज हो गई है। गिरफ्तारियों के खिलाफ आंदोलन तक की चेतावनी दी जा रही है।

वसुंधरा राजे की तीसरे चरण की राजस्थान गौरव यात्रा वर्तमान में जोधपुर सम्भाग में चल रही है। यहां पिपाड़ में राजे की सभा में विरोध-प्रदर्शन हुआ, कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाए और इसके बाद राजे के रथ पर पथराव भी किया। सभा और यात्रा में पूरे समय हंगामा मचा रहा। पुलिस व प्रशासन इस तरह की घटनाओं को रोक पाने में विफल रही। घटना को रोकने का प्रयास कर रहे पुलिसकर्मी भी घायल हो गए हैं। वसुंधरा राजे इस घटना से काफी नाराज हुई, जिससे प्रशासन व पुलिस हरकत में आ गई है। घटना के बाद वसुंधरा राजे जोधपुर से जयपुर पहुंच गईं।
इधर, पुलिस ने वीडियोग्राफी और फोटो में आए हुड़दंगियों की पीपाड़ में धरपकड़ शुरू कर दी है। पुलिस ने बीती रात ताबड़तोड़ छापेमारी की। सुबह तक 17 जनों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी राजन दुष्यंत ने बताया कि 10 आरोपियों को कोर्ट ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, बाकियों से पूछताछ जारी है। पीपाड़ के अलावा ओसियां से भी कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे भी पूछताछ जारी है। पकड़े गए सभी आरोपियों की पूछताछ से मिल रहे तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाश अभी जारी है।
बड़े आंदोलन का सामना करने के लिए सरकार रहे तैयार - बेनीवाल
खींवसर विधायक और वसुंधरा राजे के विरोधी हनुमान बेनीवाल ने कहा है कि गौरव यात्रा का विरोध केवल कुछ युवा ही नहीं बल्कि पूरी जनता कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों पर मुकदमे चलाए गए, तो सरकार बड़े आंदोलन का सामना करने के लिए तैयार रहे। बेनीवाल ने कहा है कि वसुंधरा सरकार ने लूट-खसोट और भ्रष्टाचार के साथ शासन किया है। यही वजह है कि जिस गौरव यात्रा के नाम पर सीएम निकली हैं, उसमे उनको विरोध का सामना करना पड़ रहा है। यह विरोध राज्य के किसानों और युवाओं का है।
पथराव कांग्रेस की ओछी राजनीति का नतीजा - भाजपा
घटना के बाद वसुंधरा सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि यात्रा औरे सभा में हो रही घटनाएं कांग्रेस की ओछी राजनीति का नतीजा है। कांग्रेस को पता है कि अगले विधानसभा चुनाव में उसकी हार होने वाली है। कांग्रेस भयभीत हो चुकी है और परिणामों से डर रही है। कांग्रेस इतने निम्न स्तर के हथकंडों पर उतर सकती थी, इसकी कभी कल्पना भी नहीं की थी।
सपने दिखाने का नतीजा है विरोध - पायलट
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा है कि युवाओं को पहले सपने दिखाए और वोट ले लिए। इसके बाद भाजपा सरकार ने इन्हें भुला दिया। सपने दिखाने का नतीजा है वसुंधरा राजे की यात्रा का विरोध। हालांकि उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और राजनीति में हिंसा की कोई जगह नहीं है। भाजपा को कांग्रेस पर दोषारोपण करने खुद का आत्मावलोकन कर लेना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications