Rajasthan : शादीशुदा बेटी ने प्रेमी से करवाई पिता की हत्या, रात 12 बजे पूरे परिवार के सामने मार दी गोली
श्रीगंगानगर, 10 अगस्त। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ कस्बे के गांव 6 एपीएम में शादीशुदा बेटी ने अपने अवैध संबंधों के चलते प्रेमी से पिता की हत्या करवा दी। आधी रात को घर आए प्रेमी ने परिवार के लोगों के सामने उसके पिता को गोली मार दी और फिर वहां से भाग गया। बाद में पुलिस ने बेटी समेत तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया।

मीडिया से बातचीत में डीएसपी जयदेव सियाग ने बताया कि मृतक की शिनाख्त चेनाराम के रूप में हुई है। उसके 6 बेटी और 2 बेटे हैं। सभी बेटियों की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा मंगतराम (19) का है, जो मजदूरी करता है। वहीं छोटा बेटा सोनू (16) स्कूल में पढ़ता है। 30 वर्षीय बेटी रोशनी देवी की शादी 12 साल पहले गांव 4 एमडी में हुई थी। शादी के 4 साल बाद उसके एक बेटा भी हुआ।
कुछ साल पहले गांव के ही गुरतेज सिंह उर्फ गग्गी सिंह (30) से अवैध संबंध बन गए। गुरतेज सिंह से प्रेम संबंधों के कारण 2 महीने पहले रोशनी ससुराल छोड़कर पीहर आकर रहने लगी। पिता चेनाराम और परिवार के बाकी सदस्यों को युवती के प्रेम संबंधों के बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने मंगलवार को बेटी को समझाने की कोशिश की। इससे रोशनी नाराज हो गई और अपने प्रेमी गुरतेज को इसकी जानकारी दी।
मंगलवार की रात 12 बजे गुरतेज सिंह, उसके दोस्त विशाल नायक (26) और संदीप (25) के साथ रोशनी के घर पहुंचे। तब वहां रोशनी का पति भी आया हुआ था। आरोपी उसके पति से गाली-गलौज करने लग गया। इसी दौरान आरोपी गुरतेज ने फायर कर दिया। गोली चेनाराम को लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और गुरतेज सिंह को पकड़ लिया, लेकिन विशाल नायक और संदीप मौके से भाग गए।
पांच थानों की पुलिस ने आरोपियों को दो घंटे की मशक्कत के बाद 25 किलोमीटर दूर गांव पतरोडा से पकड़ लिया। पुलिस ने रात को चेनाराम के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनूपगढ़ के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। पुलिस ने बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications