कोरोना हॉटस्पॉट भरतपुर में बाबा भोले के पैर छूने पहुंचे सैकड़ों लोग, सोशल डिस्टेंसिंग की उड़ी धज्जियां
भरतपुर। राजस्थान में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 11 हजार का पार कर गई। रोजाना दर्जनों नए केस सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। राजस्थान में कोरोना वायरस के हॉटस्पॉट में भरतपुर शहर भी शामिल है।

भरतपुर के मथुरा गेट थाना इलाके का मामला
भरतपुर शहर में मथुरा गेट थाना इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर उस समय सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई और सोशल डिस्टेन्सिंग की धज्जिया उड़ाई गई जब एक धर्मगुरु भोले बाबा इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे।

भरतपुर में कोरोना मरीजों की संख्या 895
भोले बाबा के पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या उनके अनुयायी वहां दर्शन करने के लिए एकजुट हो गए जबकि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते भरतपुर पूरा जिला हॉटस्पॉट बना हुआ है। भरतपुर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 895 हो चुकी है।

बाबा के पैर छूने की मची होड़
धर्मगुरु संत भोले बाबा अपनी पत्नी के साथ अपनी निजी गाड़ी से इलाज के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचे। बाबा के आने की भनक लगते ही उनके अनुयायी अस्पताल के बाहर जमा हो एकत्रित हो गए और जैसे ही बाबा अस्पताल से बाहर निकले तो उनके पैर छूने की होड़ मच गई। इस दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मी भी भोले बाबा के पैर छूते हुए नजर आए।

अस्पताल में की सोशल डिस्टेंसिंग की पालना
अस्पताल के प्रबंधक डॉ. माधव मयंक ने बताया कि एक सज्जन इलाज व रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल आए थे। अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में उनके अनुयायी एकत्रित हुए। इसकी सूचना हमने खुद संबंधित अधिकारियों को दी। अस्पताल में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की पालना की गई है।












Click it and Unblock the Notifications