Rajasthan Snake News: करौली के मांची गांव में सांप का आतंक, एक ही परिवार के 5 लोगों को काटा, आगे क्या हुआ ?
Rajasthan Snake News Karauli: राजस्थान के उदयपुर में आदमखोर पैंथर से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है, अब करौली में सांप की दहशत से एक पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।
करौली जिले में शहर से करीब 8 किलोमीटर दूर मांची गांव में इन दिनों सांप की दहशत से लोग डर के साए में जीवन जी रहे है। इस गांव में सांप ने एक ही परिवार के पांच लोगों को डंस लिया है।

अब तक हुई सांप के डंसने की घटनाओं में एक पिता और उनके तीन साल के बेटे की मौत हो चुकी है। जिससे पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
सांप के डंसने की घटनाओं के बाद गांव में हर कोई दहशत में है। कोई अंधविश्वास की कहानियां गढ़ रहा है तो कोई अस्पताल में जिदंगी और मौत से जंग लड़ रहा है।
सांप बार-बार एक ही परिवार के लोगों को काट रहा है। तीन दिन पहले रात में, एक पिता और उनके छोटे बेटे को सोते समय सांप ने एक साथ काट लिया, जिससे दोनों की जान चली गई।
इस घटना के ठीक दो दिन बाद, उसी परिवार के तीन अन्य सदस्यों और उनके पड़ोस में रहने वाली एक महिला को भी सांप ने काट लिया। हालांकि समय पर अस्पताल पहुंच जाने से इन चार लोगों की जान बच गई और वो अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
सांप के डंसने का सिलसिला अभी थमा भी नहीं था कि फिर दूसरी घटना के बाद गांव के लोग एक सांप को खोजकर मार चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी लोगों का डर कम नहीं हुआ है। अब तक जिन लोगों को सांप ने काटा है, उनमें कॉमन करैत सांप के जहर की पुष्टि हुई है।
मांची गांव के निवासी अभिषेक सिंह कहना है कि जब से इस गांव के एक परिवार के पिता-पुत्र की मौत हुई है, तब से गांव के लोग रात में सोने से भी डरने लगे हैं। उन्होंने बताया कि सांप की इस डरावनी घटनाओं के बाद लोग मामूली सी आवाज या मच्छर के काटने तक से भी डरने लगे हैं।
सांप के हमले की घटनाओं पर बात करते हुए नगेंद्र सिंह जो इस परिवार के सदस्य हैं और खुद भी सांप के हमले से बचे हैं उन्होने बताया कि उनके भाई और भतीजे की मृत्यु सांप के काटने से हो चुकी है।
यह घटना तब हुई जब वो रात में सो रहे थे और समय पर इलाज न मिलने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। इसके बाद सांप ने नगेंद्र और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को भी काटा, लेकिन उन्हें समय पर इलाज मिलने के कारण वो सुरक्षित हैं।
क्या है कॉमन करैत ? जिसे लोग कहते है साइलेंट किलर
सर्प विशेषज्ञ और स्नेक कैचर रवि मीणा ने पुष्टि की है कि गांव में अभी तक सभी हमले कॉमन करैत सांप के द्वारा किए गए हैं। इस प्रजाति को साइलेंट किलर के नाम से भी जाना जाता है। यह सांप आमतौर पर रात के समय सक्रिय होता है और भोजन की तलाश में निकलता है। इसके छोटे दांत होते हैं, जिससे काटने पर व्यक्ति को तुरंत इसका अहसास भी नहीं होता।












Click it and Unblock the Notifications