Sikar News: ब्लड चढ़ाने के बाद बिगड़ी तीन गर्भवती की तबीयत, एक महिला व दो नवजात की मौत
राजस्थान के नीमकाथाना में खून चढ़ाने के बाद एक महिला व दो नवजात की मौत का मामला सामने आया है। चिकित्सा विभाग ने सीता ब्लड बैंक को सीज करके पूरे मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर दी है।
कमेटी में शामिल संयुक्त निदेशक जोन जयपुर डॉ. नरोत्तम शर्मा के अनुसार ब्लड चढ़ाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल नीमकाथाना से मधु पत्नी राकेश व गीता देवी पत्नी कैलाश को जयपुर रैफर किया गया था। जयपुर में गीता देवी ने बच्चे को जन्म दिया था। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।

उधर, जिला अस्पताल से रैफर हुई बिहारीपुर निवासी मैना देवी पत्नी मनोज कुमार वर्मा की जनाना अस्पताल जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे पहले उसने एक बच्ची को जन्म दिया था, जिसकी भी मौत हो गई।
सीता ब्लड बैंक सेंटर नीमकाथाना से जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। जांच में ग्रुप सही मिले हैं। जयपुर और नीमकाथाना जिला अस्पताल से भी सैंपल की जांच करवाई गई है। जांच टीम से नीमकाथाना इलाके के सिरोही व मावंडा की रहने वाली दो महिलाओं के परिजन मिले।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीमार होने पर निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया था। ब्लड चढ़ाने के बाद दोनों की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। उसके बाद उन्हें रैफर किया, जहां उनकी मौत हो गई। फिलहाल जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications